"उन्होंने वस्त्रहरण शुरू किया है अब महाभारत का रण देखेंगे", महुआ मोइत्रा की सदस्यता पर फैसला आज!
तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप में आचार समिति की रिपोर्ट आज लोकसभा में पेश हो सकती है। एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होने के दौरान हंगामे की संभावना है। महुआ ने कहा कि मां दुर्गा आ गई हैं, अब देखेंगे।
संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। आज सुबह जब महुआ संसद पहुंची इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मां दुर्गा आ गई हैं, अब देखेंगे।" जब उनसे एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट को लेकर सवाल किया गया तब उन्होंने एक बंगाली कविता सुनाते हुए कहा कि अब ये लोग महाभारत का रण देखेंगे।

तृणमूल सांसद ने कहा, "जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। उन्होंने वस्त्रहरण शुरू किया है और अब आप महाभारत का रण देखेंगे।"
जैसा की आप जानते हैं, पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कर एथिक्स कमेटी ने रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट लगभग 500 पन्नों की है। रिपोर्ट को एथिक्स कमेटी की बैठक में 6-4 के अंतर से मंजूर कर लिया गया था। रिपोर्ट में इस मामले में मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश की गई है।
क्या है पूरा मामला?
सर्वभारतीय तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने का आरोप है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर संसदीय आईडी का लॉगिन और पासवर्ड कारोबारी दर्शन हीरानंदानी के साथ शेयर करने का आरोप गया था।
उनका कहना था कि टीएमस सांसद ने हीरानंदानी के कहने पर अडानी ग्रुप और पीएम मोदी पर निशाना साधा। इसके एवज में महुआ को कारोबारी से गिफ्ट मिला था। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा की शिकायत की थी। बिरला ने इस मामले को लोकसभा की एथिक्स कमिटी को भेज दिया था।
हीरानंदानी का इस मामले में क्या कहना है?
इस मामले में कारोबारी हीरानंदानी ने महुआ पर लगे सभी आरोपों को सच बताया था। उनका कहना है कि महुआ ने गिफ्ट के एवज में लोकसभा में प्रश्न पूछा था। हीरानंदानी ने कमिटी को भेजे अपने हलफनामे में महुआ के खिलाफ लगे आरोपों को सही बताया था।
इस मामले में लोकसभा की एथिक्स कमिटी ने 6-4 के बहुमत से महुआ की सदस्यता खत्म करने की अनुशंसा की है। यह पहली बार है जब एथिक्स कमिटी ने किसी सांसद को बर्खास्त करने की सिफारिश की है।
यह देखें: Parliament Winter Session LIVE: कैश फॉर क्वेरी मामले में आज पेश होगी महुआ मोइत्रा पर रिपोर्ट












Click it and Unblock the Notifications