जायरा वसीम छेड़छाड़ केस में नया मोड़, सामने आया चश्मदीद सहयात्री
बॉलीवुड अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ फ्लाइट में कथित तौर पर हुई छेड़छाड़ मामले में नया मोड़ आ गया है।
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ फ्लाइट में कथित तौर पर हुई छेड़छाड़ मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना वाले दिन उसी फ्लाइट की बिजनेस क्लास में सफर कर रहे एक सहयात्री ने इस मामले में बड़ा बयान दिया है। सहयात्री ने अपने बयान में आरोपी विकास सचदेवा को निर्दोष बताया है। सहयात्री के इस बयान के बाद पुलिस की जांच में भी नया मोड़ आ गया है। सहार पुलिस को दिए गए बयान में इस चश्मदीद गवाह ने कहा है कि वह आरोपी विकास सचदेवा को व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानता। अपने बयान में सहयात्री ने बताया कि उसने ऐसा कुछ भी नहीं देखा, जिससे लगे कि सचदेवा ने अभिनेत्री के साथ छेड़छाड़ की हो।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक सहयात्री ने अपने बयान में कहा, 'मैं उस दिन फ्लाइट की उसी क्लास में सफर कर रहा था, जिसमें अभिनेत्री और सचदेवा दिल्ली से चढ़े थे। सचदेवा ने अपनी सीट पर बैठने के बाद अपने पैर उस सीट के आर्मरेस्ट पर रख लिए, जहां अभिनेत्री बैठी हुई थी। इसके अलावा उसने कुछ भी नहीं किया। फिर मैंने देखा कि प्लाइट के उड़ान भरने के बाद सचदेवा को नींद आ गई। सचदेवा की गलती यह थी कि उसने अपने पैरों को आर्मरेस्ट पर रखा, जोकि गलत था। मैनें उसे अभिनेत्री के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार करते हुए नहीं देखा। इसके अलावा मुंबई एयरपोर्ट पर जब फ्लाइट लैंड हुई और अभिनेत्री उसके ऊपर गुस्सा हुई तो उसने माफी भी मांगी और मामला तब सुलझ गया था।'
आपको बता दें कि अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ कथित छेड़छाड़ मामले में आरोपी सचदेवा को 13 दिसंबर तक की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। जायरा वसीम ने सोशल मीडिया के जरिए विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ान में अपने साथ हुई कथित छेड़छाड़ के बारे में बताया था। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि फ्लाइट में उनके पीछे बैठे एक शख्स ने अपने पैर को उनकी गर्दन और पीठ पर फिराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications