Agastya Chauhan: यूट्यूबर अगस्त्य चौहान का वो आखिरी वीडियो, बताया था राइड खत्म कर देखूंगा बहन का गिफ्ट
Agastya Chauhan: 22 वर्षीय यूट्यूबर अगस्त्य चौहान की बाइक यमुना एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह कंट्रोल खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि उसका हेलमेट टूट गया था।

Agastya Chauhan Last video: मशहूर यूट्यूबर और बाइक राइडर 22 वर्षीय अगस्त्य चौहान का यमुना एक्सप्रेसवे पर रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। बाइक राइडिंग चैनल चलाने वाले अगस्त्य चौहान के YouTube पर 1.27 मिलियन फॉलोअर्स हैं। अगस्त्य चौहान का अब यूट्यूब पर पोस्ट किया गया आखिरी वीडियो वायरल हो रहा है।
अगस्त्य चौहान का यूट्यूब चैनल ''PRO RIDER 1000'' पर आखिरी वीडियो 2 मई 2023 को शेयर की गई थी। अगस्त्य चौहान का उनके यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया गया अब ये आखिरी वीडियो बन गया है। वीडियो रक 1.7 मिलियन व्यूज हैं।
इस वीडियो में अगस्त्य चौहान ने बताया है कि वह देहरादून से दिल्ली के लिए बाइक राइड के जरिए निकल रहा है। दिल्ली पहुंचकर वह अपनी बहन का दिया हुआ गिफ्ट खोलेगा।
बहन का गिफ्ट खोलने के लिए एक्साइटेड था अगस्त्य चौहान
अगस्त्य चौहान वीडियो में कहता है, ''दोस्तों आप लोगों को पता है आज मैं अपनी बहन का दिया हुआ गिफ्ट खोलने वाला हूं। वह लंदन से मेरे लिए गिफ्ट लेकर आई है लेकिन 20 दिनों से मैं उसे खोल नहीं पाया हूं। तब से अनबॉक्स करने का वक्त ही नहीं मिला। अब मैं इसको दिल्ली जाकर अनबॉक्स करूंगा।''
लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। वीडियो में अगस्त ये भी कहता है कि वह दिल्ली जाकर अपनी सुपरबाइक को मडिफाई करेगा। उसने बताया कि ऐसा करने का वो काफी वक्त से प्लान कर रहा था। अगस्त्य चौहान रास्ते में बाकी बाइक चलाने वालों के साथ रेस भी लगाता है। उत्तराखंड की सीमा पार करते ही वह अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा देता है।
बाइक की स्पीड 300 से ऊपर ले जाऊंगा...
हेलमेट में लगे कैमरे में अगस्त्य चौहान ने कहा है कि वह 300 के ऊपर स्पीड पर जाएगा और कहता है कि देखना होगा कि ZX बाइक कितनी स्पीड ले सकती है। उस वक्त अगस्त्य चौहान की बाइक 279 स्पीड पर थी। इसके कुछ देर बाद ही अगस्त्य चौहान की मौत हो जाती है।
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले के जांच अधिकारी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, अगस्त्य चौहान यमुना एक्सप्रेसवे पर अपने चार दोस्तों के साथ कावासाकी निंजा बाइक चला रहे थे, तभी उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
घटना स्थल के पास लगा कैमरा खराब है, इसलिए अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि एक्सीडेंट के वक्त बाइक की स्पीड क्या थी। लेकिन लगता है कि उसने और उसके किसी दोस्त ने जेवर टोल प्लाजा से बाइक रेस शुरू की होगी। पुलिस ने कहा कि सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
पिछले साल देहरादून में पुलिस केस हुआ था दर्ज
इस साल की शुरुआत में, देहरादून में शहर की सड़कों पर विभिन्न खतरनाक स्टंट करने के लिए अगस्त्य पर भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। अगस्त्य भी उन 12 ब्लॉगर्स में से एक थे, जिन्हें देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने अपने स्टंट के साथ सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए पहचाना था।












Click it and Unblock the Notifications