योगराज सिंह को विवेक अग्निहोत्री ने फिल्म से किया बाहर, हिंदुओं के बारे में दिया था विवादित बयान
नई दिल्ली। किसान आंदोलन के दौरान अपनी सांप्रदायिक टिप्पणी के चलते लोगों के निशाने पर आए क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह को बड़ा झटका लगा है। योगराज सिंह ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन में मंच से ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया था जिसके चलते वे लोगों के निशाने पर आ गए थे। योगराज को इसके चलते मशहूर निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने उन्हें अपनी आने फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

योगराज सिंह का नाम किसान आंदोलन के दौरान उस वक्त उछला जब उनका एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। ये दिल्ली में किसानों के पहुंचने के शुरुआती दौर की बात है। इस दौरान योगराज ने हिंदुओं के बारे में एक बयान दे दिया जिसके चलते वे निशाने पर आ गए। बयान को अपमानजनक मानते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग भी की जाने लगी।
कश्मीर फाइल्स का हिस्सा थे योगराज
इस बीच खबर आई है कि निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया। योगराज सिंह विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म कश्मीर फाइल्स का हिस्सा थे। यह फिल्म कश्मीर में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के बारे में है। इस फिल्म में अनुपम खेर भी हैं।
विवेक अग्निहोत्री ने दिया बयान
फिल्म से निकाले जाने को लेकर विवेक अग्निहोत्री ने कहा "मैने कश्मीर फाइल्स के लिए योगराज सिंह को एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए साइन किया था। मुझे मालूम था कि उनका विवादित बयान देने का इतिहास है लेकिन मैने इस बात को नजरअंदाज किया क्योंकि मैं कला और कलाकार को अलग रखता हूं। लेकिन जब मुझे उनके भाषण के बारे में पता चला तो मैं चौंक गया। मैं किसी को भी इस तरह महिलाओं के बारे में बात करते बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह केवल हिंदू और मुसलमान महिलाओं के बारे में नहीं है बल्कि सभी महिलाओं के बारे में है। मेरी फिल्म कश्मीर के अल्पसंख्यकों के नरसंहार के बारे में है। मैं ऐसे किसी भी व्यक्ति को इसका हिस्सा नहीं बना सकता जो समाज को धर्म के आधार पर विभाजित करने का प्रयास कर रहा हो। मैने उन्हें फिल्म से संबंध समाप्त करने के बारे में पत्र भेज दिया है। अब वह फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।"
विवेक अग्निहोत्री चॉकलेट, दे धना धन, हेट स्टोरी, बुद्धा इन ए ट्रैफिक जाम जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने ताशकंद फाइल्स बनाई थी जिसकी खूब चर्चा हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications