यूपी फतह के बाद दिल्ली में सीएम योगी, पीएम मोदी से की मुलाकात, नई कैबिनेट पर चर्चा
नई दिल्ली, 13 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद योगी आदित्यनाथ राजधानी दिल्ली के दौरे पर हैं। रविवार शाम 5 बजे के करीब वो प्रधानमंत्री आवास पहुंचे और पीएम मोदी से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी ने इस मुलाकात के दौरान नई सरकार के गठन और कैबिनेट पर चर्चा की। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख पर भी बात की। इसके बाद वो बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और फिर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे।
Recommended Video

योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। दरअसल यूपी चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया, लेकिन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत 10 और मंत्री चुनाव हार गए, जबकि दूसरे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने चुनाव नहीं लड़ा था। ऐसे में पार्टी को ये स्पष्ट करना होगा कि क्या मौर्य उपमुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई अन्य नेता उनकी जगह लेगा। सूत्रों का कहना है कि केशव विधान परिषद का सदस्य बनकर कैबिनेट में जगह पा सकते हैं। सीएम योगी भी जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तो उनको बीजेपी ने विधान परिषद भेजा था। इस बार वो मैदान में उतरे और गोरखपुर शहरी निर्वाचन क्षेत्र से बंपर जीत हासिल की।
नए मंत्रियों की लिस्ट तैयार?
खबर ये भी है कि बीजेपी ने यूपी के डिप्टी सीएम और मंत्रियों के नामों की लिस्ट तैयार कर ली है। इसमें सभी की योग्यता, जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है। जल्द ही हाईकमान इस पर फैसला ले सकता है। इसके बाद शपथ ग्रहण की तारीख तय की जाएगी। फिलहाल अभी डिप्टी सीएम के तौर पर स्वतंत्र देव सिंह, बेबी रानी मौर्य, बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य का नाम चर्चा में है, लेकिन बीजेपी नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
उपराष्ट्रपति से मिले
वहीं रविवार को ही योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और बीजेपी महासचिव (संगठन) बी एल संतोष से मुलाकात की। दोनों ने उनको यूपी की शानदार जीत के लिए उन्हें बधाई दी। साथ ही उनसे यूपी से जुड़े कई मुद्दों को लेकर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications