महिलाओं के लिए येसुदास के बेसुरे बोल
तिरुवनंतपुरम। 'गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा' गीत तो आपने सुना होगा, जी हां बेहद ही सुरीले अंदाज में इस गाने को गाने वाले येसुदास ने महिलाओं के लिए बेहद ही बेसुरा राग छेड़ा है। केजे येसुदास ने महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जींस पहनकर लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए।

केरल में जन्मे येसुदास को पद्म विभूषण जैसे सम्मान से भी नवाज़ा गया है। उन्होंने महिलाओं के प्रति ये तीखे बोल तिरुवनंतपुरम में एक संगीत विद्यालय में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत के मौके पर कहे। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं जींस पहनती हैं तो पुरुषों को मजबूरन कहीं और देखना पड़ता है। येसुदास यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उन्हें किस तरह के कपड़े पहनने चाहिए।
येसुदास ने महिलाओं को सुंदरता को ढक कर रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सुंदरता को ढक कर रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। महिलाओं को पुरुष बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, उनके जींस पहनने से पुरुषों में उनके लिए आकर्षण बढ़ता है। येसुदास के इस बयान की हर तरफ आलोचना हो रही है। महिलाओं को इससे बचना चाहिए। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बिंदु कृष्णा ने येसुदास से इस बयान को वापस लेने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications