दिल्ली मेट्रो में 'सुपर चोरनी', चुराए 1.93 लाख रुपये पर पकड़ी गई
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। बीते साल नंवबर माह में सीआईएसएफ ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसके मुताबिक दिल्ली मेट्रो में बिजनेस सूट पहनी खूबसूरत महिलाएं लोगों के जेब काट रही हैं। इस बात पर मुहर उस वक्त लग गई जब दिल्ली पुलिस ने मेट्रो ट्रेन में 1.93 लाख रुपये चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया। महिला के पास से चोरी की रकम बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 35 वर्षीय पूजा के तौर पर हुई है। पूजा दिल्ली के नांगलोई के बक्करवाला गांव की रहने वाली है। घटना उस वक्त हुई जब मोती नगर के रहने वाले हरिशचंद्र 1.93 लाख रुपये कैश लेकर मेट्रो से सफर कर रहे थे। यह कैश उन्हें चांदनी चौक पर अपने किसी क्लाइंट को देना था।
पुलिस के मुताबिक हरिशचंद्र ने एक प्लास्टिक के बॉक्स में एक थैले के अंदर नोट रखे हुए थे। जब वह चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पहुंचने वाले थे तभी उन्होंने देखा कि उनका बॉक्स खुला है और अंदर रखा थैला गायब है। पूजा मेट्रो में उनके पीछे खड़ी थे। हरिशचंद्र ने पूजा पर चोरी का आरोप लगाया और चांदनी चौक पर न उतर कर कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस के पास ले गए। पुलिस ने जब पूजा की तलाशी ली तो कैश उनके पास से बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications