मैक्स अस्पताल मामला: DMA ने दी केजरीवाल सरकार को धमकी, ठप्प कर देंगे मेडिकल व्यवस्था
जीवित नवजात बच्चे को मृत बता देने के मामले में फंसे मैक्स अस्पताल का लाइसेंस कैंसिल होने के बाद से दिल्ली मेडिकल ऐसोसिएशन ही उसके पक्ष में आ गया है
नई दिल्ली। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (DMA) ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार के फैसले का विरोध किया है। मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द किए जाने के दिल्ली सरकार के फैसले का विरोध करते हुए DMA ने चेतावनी भी दी है कि अस्पताल के रद्द लाइसेंस को वापस नहीं लिया गया तो पूरी दिल्ली की मेडिकल व्यवस्था को ठप्प कर दिया जाएगा। DMA प्रेजिडेंट डॉक्टर विजय मल्होत्रा ने कहा है कि अगर अस्पताल के लाइसेंस रद्द करने के आदेश को वापस नहीं लिया जाता है तो वे सोमवार या मंगलवार से दिल्ली की मेडिकल व्यवस्था को पूरी तरह से ठप्प कर दिया जाएगा। DMA का कहना है कि मैक्स अस्पताल में क्या सिर्फ दो ही डॉक्टर काम करते थे? दिल्ली सरकार ने लाइसेंस कैंसिल करने के अपने फैसले से हजारों परिवरों को भूखा मरने पर मजबूर कर दिया है।

मैक्स अस्पताल के पक्ष में आया DMA
जीवित नवजात बच्चे को मृत बता देने के मामले में फंसे मैक्स अस्पताल का लाइसेंस कैंसिल होने के बाद से दिल्ली मेडिकल ऐसोसिएशन ही उसके पक्ष में आ गया है। वहीं मैक्स अस्पताल के अन्य डॉक्टरों का कहना है कि सारे सरकारी अस्पतालों के लाइसेंस भी रद्द होने चाहिए क्योंकि वहां कोई सुविधाएं नही हैं। बता दें कि जीवित नवजात को मृत बताने के मामले में दिल्ली सरकार ने एक्शन लेते हुए मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया था जिसके बाद दिल्ली सरकार को खूब वाहवाही भी मिली थी।

डॉक्टर इस माहौल में घुटा हुआ महसूस कर रहे हैं
डॉक्टर विजय मल्होत्रा ने कहा कि डॉक्टर इस माहौल में घुटा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि डॉक्टरों के किसी भी घटना को बहुत बड़ा बना दिया जा रहा है और ऐसे बयान दिए जा रहे हैं कि डॉक्टर ने मर्डर कर दिया। मल्होत्रा ने कहा कि इस तरह के बयान बंद होने चाहिए।

जिंदा नवजात को बताया था मृत
गौरतलब है कि कुछ समय पहले दिल्ली के शालीमार बाग के मैक्स अस्पताल में एक महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। जिन्हें मृत बताकर अस्पताल ने परिवार को बच्चों का शव सौंप दिया था लेकिन अंतिम संस्कार के समय परिजनों के पता चला कि दोनों में से एक बच्चा जीवित है। हालांकि कुछ दिनों के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications