अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे सोनिया, खड़गे, मनमोहन? क्या दिया गया इन्हें न्योता
Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने वाले गेस्ट लिस्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर ये सवाल उठाए जा रहे हैं कि राम मंदिर ट्रस्ट ने क्या कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह जैसे नेताओं को न्योता दिया है या नहीं?
तो बता दें कि राम मंदिर ट्रस्ट ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर अभिषेक के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी को आमंत्रित किया है। सूत्रों ने कहा कि राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा (Nripendra Misra) ने मंगलवार (19 दिसंबर) को खड़गे से मुलाकात की और निमंत्रण दिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक नृपेंद्र मिश्रा ने व्यक्तिगत रूप से भी सोनिया गांधी को निमंत्रण दिया है। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को बैठकों के दौरान निमंत्रण खड़गे ने स्वीकार कर लिया है। उन्हें यह भी बताया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी निमंत्रण भेजा जा रहा है, जो अस्वस्थ हैं।
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल सोनिया, खड़गे, मनमोहन समारोह में शामिल होंगे या नहीं? ये कार्यक्रम के करीब आने पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस से किसी के इस कार्यक्रम में जाने की उम्मीद है, लेकिन अभी तक इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है।"
राम मंदिर ट्रस्ट इस विशाल आयोजन के लिए अलग-अलग दलों के राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित कर रहा है। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है।
पंजाब जैसी कांग्रेस की कई राज्य इकाइयां पहले ही घोषणा कर चुकी हैं कि वे बसों में तीर्थयात्रियों को अयोध्या भेजेंगे।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल गेस्ट लिस्ट में शामिल नहीं!
हालांकि उद्घाटन समारोह में सभी राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों का नाम आमंत्रित लोगों की सूची में नहीं है। हालांकि कई मुख्यमंत्री राजनीतिक दलों के प्रमुख हैं।
इन-इन लोगों को दिया गया न्योता!
काशी विश्वनाथ, वैष्णो देवी जैसे प्रमुख मंदिरों के प्रमुख और धार्मिक और संवैधानिक संस्थानों के प्रतिनिधि, आध्यात्मिक नेता दलाई लामा, केरल की माता अमृतानंदमयी, योग गुरु बाबा रामदेव, अभिनेता रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अरुण गोविल, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर को भी आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा इस कार्यक्रम में मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत जैसे उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications