बिहार: क्या मुख्यमंत्री बनने के बाद 5 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे नीतीश? बीजेपी नेताओं ने कही ये बात
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आ गए हैं। जिसमें नीतीश और मोदी की जोड़ी ने बाजी मारी है। साथ ही एनडीए ने 125 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृ्त्व वाला महागठबंधन 110 के आंकड़े पर ही सिमट गया। इस बार बीजेपी ने अपने सहयोगी दल जेडीयू से 31 सीटें ज्यादा जीती हैं, जिससे एक बात पर संयश बना हुआ है कि क्या नीतीश कुमार इस बार भी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे या बीजेपी बिहार में कोई नया चेहरा लेकर आएगी।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार बीजेपी इकाई अध्यक्ष संजय जयसवाल का कहना है कि पार्टी हाईकमान ने पहले ही घोषित कर दिया था कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे चाहे बीजेपी के आंकड़े जो भी हों। वहीं जब उनसे पूछा गया कि अगर नीतीश को बीजेपी मुख्यमंत्री बना भी देती है तो क्या वो अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा कर पाएंगे। इस पर जायसवाल ने कहा कि स्वाभावित रूप से जब प्रधानमंत्री ने कहा है तो वही होगा।
वहीं बीजेपी के एक दूसरे वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी जिस विकल्प को देख रही थी वो था नीतीश कुमार का सीएम पद का उम्मीदवार बनाना, लेकिन भविष्य में विकल्प खुले रहेंगे। छह महीने से एक साल बाद इस विकल्प की समीक्षा हो सकती है। वहीं एक दूसरे वरिष्ठ नेता कह रहे हैं कि बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई कंफ्यूजन नहीं है, लेकिन ये भी देखने वाली बात होगी कि नीतीश क्या करते हैं।
वहीं एक अन्य नेता संजय पासवान ने कहा कि अब पुनर्विचार के लिए जगह नहीं है। ये बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी की जीत है। वादे के मुताबिक हम नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की पेशकश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह नीतीश कुमार की नैतिकता पर निर्भर है कि वे क्या करेंगे।
वहीं बीजेपी के कुछ नेताओं ने साफ किया है कि मंत्रिमंडल में बीजेपी का बड़ा हिस्सा होगा क्योंकि सीटें जेडीयू से कहीं ज्यादा हैं, हालांकि ये दोनों पार्टियों की सहमति से होगा। जब नीतीश 2017 में एनडीए में शामिल हुए थे तो जेडीयू के 17 मंत्री और बीजेपी के डिप्टी सीएम समेत 12 मंत्री थे। अब देखना होगा कि बीजेपी हाईकमान इस मंत्रिमंडल में कितने मंत्रालय पर हामी भरेगा।












Click it and Unblock the Notifications