क्या भाजपा-आजसू खेल रहे हैं फिक्स मैच ? क्या झारखंड में झामुमो- कांग्रेस-राजद की बनेगी सरकार ?
नई दिल्ली। अभी धनकटनी का समय है। किसान धान का बोझा खलिहान में ढो रहे हैं। उनके पास चुनावी सभाओं में जाने के लिए बिल्कुल समय नहीं है। लेकिन इसके बाद भी झामुमो की रैलियों में अच्छी भीड़ जुट रही है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन इस भीड़ को देख कर खुश हैं। उनका दावा है कि इस बार रघुवर सरकार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी नहीं बचा सकते। जनता बदलाव के लिए तैयार है। झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनेगी। झामुमो-कांग्रेस- राजद को हराने के लिए भाजपा और आजसू फिक्स मैच खेल रहे हैं। भाजपा विरोधी मतों को बांटने के लिए ही आजसू अलग चुनाव लड़ रहा है। दोनों दिखाने के लिए लड़ रहे हैं। एक तरफ आजसू के विधायक मंत्री पद की सुविधा उठा रहे हैं और दूसरी तरफ वे भाजपा के खिलाफ चुनाव भी लड़ रहे हैं। दोनों एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। चुनाव बाद फिर मिल जाएंगे। जनता इनका खेल समझ गयी है। इसलिए इनकी चाल कामयाब नहीं होगी।

पहले चरण में महागठबंधन को फायदा !
हेमंत सोरेन का दावा है कि पहले चरण की 13 सीटों में से अधिकतर पर महागठबंधन को जीत मिलेगी। चुनाव के बाद झामुमो ने हर सीट की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करायी है। जो फीडबैक मिला है उसके मुताबिक कांग्रेस, राजद और झामुमो के उम्मीदवार बेहतर स्थिति में हैं। दूसरे चरण की 20 सीटों पर हुए चुनाव में झामुमो को व्यापक जनसमर्थन मिला है। 2014 में हम 8 जीते थे। इस बार जीत का आंकड़ा 8 से कहीं अधिक होगा। बाकी के तीन चरण के चुनाव में भी हमारी स्थिति मजबूत है। 2019 में मजदूरों, गरीबों और आदिवासियों की सरकार बनेगी। भाजपा की स्थानीय नीति आदिवासी हितों के खिलाफ है। हम सरकार में आने के बाद सबसे पहले इसे ही बदलेंगे। हमने पिछड़े वर्ग के आरक्षण को बढ़ा कर 27 फीसदी करने का वायदा किया। आदिवासी और पिछड़े वर्ग के वोटर हमारे साथ हैं इसलिए हम जीत के प्रति आश्वस्त हैं।

क्या झामुमो की सरकार बनी तो जेल जाएंगे रघुवर ?
हेमंत सोरेन ने कहा है कि अगर झामुमो की सरकार बनी तो रघुवर और उनके अधिकतर मंत्री जेल जाएंगे। हेमंत को सरयू के आरोपों में दम दिखता है। सरयू राय ने रघुवर सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाये हैं। हमारी सरकार बनेगी तो इन सभी मामलों की जांच होगी। जो दोषी पाये जाएंगे उन्हें जेल भेजा जाएगा। रघुवर दास ने भ्रष्टाचार के मामलों पर पर्दा डाला है। उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा। भाजपा अपने राजनीति विरोधियों को डराने के लिए केन्द्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्हें जेल भेजती है। हमारे खिलाफ भी जमीन खरीदने का आरोप लगाया। एसआइटी जांच करायी। अगर हेमंत सोरेन ने कहीं कोई जमीन खरीद है और सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन किया है तो सबूत पेश क्यों नहीं करती। हम कोई राजनीति दुश्मनी नहीं साधेंगे। जांच होगी और भाजपा के जो भ्रष्टाचारी मिलेंगे उन्हें जेल भेजेंगे। रघुवर दास छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। जनता बाहरी को हटा कर आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाएगी। राज्य के बने 19 साल हुए हैं। इनमें 14 साल भाजपा ने ही शासन किया है। राज्य का विकास क्यों नहीं हुआ, जनता इसका जवाब मांग रही है।

झामुमो के साथ हैं आदिवासी !
हेमंत चुनावी सभाओं में दावा करते हैं कि वे सीएनटी-एसपीटी एक्ट ( छोटानागपुर काश्तकारी कानून और संथाल परगना काश्तकारी कानून) के रहते राज्य में विकास कर के दिखाएंगे। रघुवर सरकार आदिवासियों की जमीन लेने के लिए इन दोनों कानूनों में संशोधन करना चाहती है। ये कानून अंग्रेजों आदिवासियों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बनाये थे। हम इसमें संशोधन होने नही देंगे। सीएनटी -एसपीटी एक्ट विकास की राह में बाधा नहीं हैं। इन कानूनों के रहते झारखंड में टाटा का स्टील प्लांट लगा। सिंदरी में खाद कारखाना खुला। एचईसी की स्थापना हुई। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खुले। सड़क बनाने के लिए जमीन मिल रही है। फिर दिक्कत कहां है। ये दोनों कानून गरीब आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा का आधार हैं। इसके रहते उनकी जमीन आसानी से कोई नहीं ले सकता। हम इसकी हिफाजत के लिए खड़े हैं। आदिवासी हमारे साथ हैं और यही हमारी ताकत है। इस ताकत के बल पर ही हम भाजपा को सत्ता से हटाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications