'जिस घर से अफजल निकलेगा उस घर में घुसकर मारेंगे'
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने देश विरोधी नारेबाजी करने वालों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और कहा है कि कुछ लोग देश में जहर फैलाना चाहते हैं। देश विरोधी नारेबाजी करने वाले लोगों को जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा है कि जो लोग ये कहते हैं कि कितने अफजल मारोगे हर घर से अफजल निकलेगा तो मैं कहना चाहता हूं कि जिस घर से अफजल निकलेगा उस घर में घुस कर मारेंगे।

ठाकुर ने कहा कि इस तरह की देशविरोधी विचारधारा के लोग आजादी से पहले अंग्रेजों के साथ थे। पूरे देश के राष्ट्रवादी विचारधारा के लोग अपनी पूरी ताकत से भारत को एक करना चाहते थे तो वहीं ये कम्युनिस्ट भारत को एक देश के रूप में नहीं देख सकते थे।
अनुराग ठाकुर ने आरएसएस वाले बयान को लेकर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आरएसएस की तुलना आईएसआईएस के साथ कर रहे हैं जो कि बंदूक से पूरी दुनिया में दहशत फैला रहा है। क्या कांग्रेस पार्टी कुछ साल सत्ता से बाहर रहना बर्दाश्त नहीं कर सकती जो देशविरोधी बातें करने वालों का साथ दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications