ISIS ट्विटर ऑपरेटर मेहदी के केस की जांच कर रहे अधिकारी का ट्रांसफर
बेंगलुरु। आईएसआईएस का ट्विटर हैंडल @shammiwitness को बेंगलुरु से ऑपरेट करने वाले मेहदी मसरूर बिस्वास को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बेंगलुरु पुलिस ने उसकी पुलिस हिरासत को बढ़ाने के लिए कोई भी इच्छा जाहिर नहीं की थी।

जांच अधिकारी का ट्रांसफर
वहीं इस केस में एक और नया मोड़ उस समय आ गया जब हेमंत निंबालकर यानी केस के इनवेस्टिगेटिंग ऑफिसर का ट्रांसफर कर दिया गया। हेमंत का ट्रांसफर क्यों किया गया कोई नहीं जान सका लेकिन कर्नाटक पुलिस से जुड़े सूत्रों की मानें तो यह सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया है।
निंबालकर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (अपराध) के तौर पर इस मामले की जांच कर रहे थे। अब उन्हें कर्नाटक स्टेट फायर एंड इमरजेंस सर्विस का डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के तौर पर नई पोस्टिंग दी गई है। हेमंत ने एम चंद्रशेखर की जगह पर इस पद का जिम्मा संभाला है।
जांच हुई पूरी
एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से वनइंडिया को जो जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक मेहदी के केस से जुड़ी जांच को पूरा कर लिया गया है। ऐसे में मेहदी को पुलिस हिरासत में और ज्यादा दिनों तक नहीं रखा जा सकता था और उसे न्यायिक हिरासत में ही भेजना था।
जांच के दौरान इस बात का पता लगा कि मेहदी इंटरनेट पर मिलने वाली सामग्री को ट्विटर पर ट्वीट करता था। मेहदी को अरबी भाषा नहीं आती थी और वह ट्रांसलेटिंग टूल का प्रयोग कर इस काम को पूरा करता था।
ट्रांसफर एक संयोग
राज्य सरकारी की मानें तो इस मामले की जांच कर रहे ज्वाइंट कमिश्नर हेमंत का ट्रांसफर सिर्फ एक संयोग ही है। सरकार के मुताबिक तो इससे पहले भी कई अधिकारी थे जिनका ट्रांसफर किया गया था। सरकार की ओर से जो जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक राज्य में 22 आईपीएस और 16 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। ऐसे में लोगों को सिर्फ इस केस का ही जिक्र नहीं करना चाहिए।
सलाह के बाद चार्जशीट
शुक्रवार को मेहदी मसरूर बिस्वास की पुलिस हिरासत की अवधि पूरी हो गई थी। पुलिस के मुताबि वह इसे बिल्कुल भी बढ़ाना नहीं चाहते थे और उनके पास यह विकल्प है कि वह कोर्ट में जाकर मेहदी की पुलिस कस्टडी के लिए फिर से अनुरोध कर सकते हैं। पुलिस को मेहदी की गिरफ्तारी के 90 दिनों के अंदर चार्जशीट दायर करनी होगी। फिलहाल पुलिस इस मुद्दे पर चार्जशीट दायर करने के मसले पर कानून के जानकारों से राय ले रही है।












Click it and Unblock the Notifications