'हेडलाइन के लिए काम नहीं करता हूं...', PM मोदी ने क्यों कहा ऐसा? ED के दुरुपयोग के आरोपों पर भी दिया जवाब
PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में कहा कि वो हेडलाइन के लिए काम करने वाले व्यक्ति नहीं हैं। पीएम मोदी ने कहा कि, उन्होंने अपने जीवन में कभी भी खबरों और हेडलाइन में बने रहने के लिए काम करने वाले व्यक्ति नहीं हैं।
पीएम मोदी ने कहा, ''मैं हेडलाइन पर नहीं, डेडलाइन पर काम करने वाला व्यक्ति हूं।" पीएम मोदी ने कहा कि वह कड़ी मेहनत करते हैं और आने वाले वक्त में भी ऐसे ही कड़ी मेहनत करना चाहते हैं।

PM मोदी बोले- आप लोग 2029 पर अटके हैं और मैं 2047 की बात कर रहा हूं
पीएम मोदी ने कहा, ''आप सभी लोग 2029 पर अटके हुए हैं और मैं 2047 की बात कर रहा हूं।'' पीएम मोदी ने कहा, ''आज, जब पूरी दुनिया अनिश्चितता के भंवर में फंसी हुई है, एक बात तो निश्चित है कि भारत और तेज गति से विकास करता रहेगा!"
पीएम मोदी ने कहा, ''आज देश का मूड' भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है। आज देश का मूड' विकसित भारत बनाने का है।"
ED की तारीफ में क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तारीफ की। इसके साथ ही पीएम मोदी विपक्षी नेताओं पर तंज भी कसा। पीएम मोदी ने कहा, ''जांच एजेंसी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र है।''
पीएम मोदी ने कहा कि, हमारी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसलिए भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हर एजेंसी पूरी तरह आजाद है।
PM मोदी बोले- जांच एजेंसी को 2014 से पहले काम करने की अनुमति नहीं थी
पीएम मोदी ने कहा कि, ''जांच एजेंसी को 2014 से पहले काम करने की अनुमति नहीं थी। अगर आप प्रवर्तन निदेशालय की ही बात करते हैं, तो 2014 तक, पीएमएलए के तहत 1,800 मामले दर्ज किए गए थे। पिछले 10 सालों में 4700 मामले दर्ज किए गए हैं। 2014 तक, केवल 5,000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी, लेकिन 10 सालों में एक लाख करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। लोगों की शिकायत भी 10 गुना बढ़ गई हैं।''
उन्होंने कहा, "ईडी ने आतंकी वित्तपोषण, साइबर क्राइम और ड्रग्स में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया है और बड़े पैमाने पर अपराधों का भंडाफोड़ किया है और कुल 1000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।"












Click it and Unblock the Notifications