शरद पवार ने गौतम अडानी की क्यों की तारीफ? कहा- ' उन्होंने 25 करोड़ रुपये का चेक...'
Sharad Pawar News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने पुणे जिले के बारामती में एक नए प्रौद्योगिकी केंद्र के निर्माण के लिए वित्तीय मदद देने के लिए उद्योगपति गौतम अडानी को धन्यवाद दिया और उनकी प्रशंसा की।
शरद पवार शनिवार 23 दिसंबर को बारामती में विद्या प्रतिष्ठान के इंजीनियरिंग विभाग में रोबोटिक लैब के उद्घाटन के दौरान सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान पवार ने बारामती में प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित करने के लिए वित्तीय मदद देने के लिए गौतम अडानी की तारीफ की।

इस कार्यक्रम में फिनोलेक्स जे पावर सिस्टम्स लिमिटेड के चेयरमैन दीपक छाबरिया भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि, 'विद्या प्रतिष्ठान संस्थान ने एक नया प्रोजेक्ट हाथ में लिया है, टेक्नोलॉजी के कारण इंजीनियरिंग क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। ऐसे में एक ऐसा ग्रुप बनाना बहुत जरूरी है जो आगे बढ़ने के लिए इन बदलावों को स्वीकार करने के लिए तैयार हो।'
शरद पवार ने कहा कि, 'हम भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए पहला केंद्र बना रहे हैं और निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपये की लागत आने वाली है। 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने के बाद हम इस काम में कूद पड़े हैं। सौभाग्य से, मेरी गुजारिश के बाद हमारे सहयोगियों ने इसमें मदद करने के लिए तुरंत अपना समर्थन दिया है।'
शरद पवार ने आगे कहा, 'फर्स्ट सिफोटेक जो देश में निर्माण क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण कंपनी है। उन्होंने इस परियोजना में 10 करोड़ रुपये की मदद करने का फैसला किया है, मैं उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं। इस मौके पर गौतम अडानी का भी नाम लेना होगा, उन्होंने 25 करोड़ रुपये का चेक संस्था को भेजा है, इन दोनों की मदद से हम आज इस जगह पर ये दोनों प्रोजेक्ट स्थापित कर रहे हैं और काम भी शुरू हो गया है।'












Click it and Unblock the Notifications