रिश्वत ना देने पर पुलिसवालों ने की पिटाई, जान बचाकर भागे तो तालाब में डूबे
लखनऊ। तमाम वादों, दावों के बीच सीएम अखिलेश हर बार या कहें बार-बार कानून व्यवस्था के कारण असफल नजर आते हैं। जहां प्रदेश में गैंगरेप के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे, वहीं प्रशासन की नाकामी का सबूत खुद ब खुद लोगों के हाथ लग जा रहा है। निलंबन का दौर जारी है लेकिन सूबे की कानून व्यवस्था है कि खुद को बदलने को तैयार नहीं। पुलिस की संवेदनहीनता का एक ऐसा ही मामला मैनपुरी से सामने आया है। जहां पुलिस जवानों ने रिश्वत न देने पर दो युवकों की पिटाई शुरू कर दी। युवक बाद में किसी तरह से जान बचाकर भागे लेकिन बगल में तालाब होने की वजह से वे हड़बड़ाहट में उसी में गिर गए। दोनों युवकों की तालाब में डूबकर मौत हो गई।

ईंट ले जा रहे थे युवक, पुलिस ने मांगी रिश्वत
घिरोर थाने के अंतर्गत आने वाले कोसमा चौराहे से शुक्रवार तड़के जनपद फिरोजाबाद के नगला नीकरी के रहने वाले दिलीप यादव एवं पंकज यादव ट्रैक्टर के द्वारा अपने दो अन्य साथियों के साथ ईंट लोड करके मैनपुरी ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में कोसमा चौकी के पास तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रूकवाकर चेकिंग की। आरोप है कि कुछ गड़बड़ियों का हवाला देते हुए तैनात पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग करने लगे। लेकिन युवकों के द्वारा रिश्वत देने से मना करने पर पुलिस वाले उन युवकों की पिटाई करने लगे। चंगुल छुटाकर भागे युवक पास के तालाब में गिर गए। और डूब कर उनकी मौत हो गई।
साथ में मौजूद साथियों ने कहा पीट-पीटकर की हत्या
दोनों युवकों के साथ मौजूद उनके साथियों ने आरोप लगाया है कि उनके साथियों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और फिर पास के तालाब में फेंक दिया गया।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल?
कार्यशैली में ढ़ीला हवाली और दोयम रवैये की वजह से कहीं न कहीं लोगों का विश्वास पहले से ही पुलिस वालों से उठ चुका है लेकिन इस तरह की घटनाएं प्रशासन को लगातार हाशिए पर धकेल रही हैं। सवाल यह है कि पास में मौजूद पुलिस वालों ने आखिर क्यों उन युवकों को बचाने का प्रयास नहीं किया ? किस गुनाह के आधार पर पुलिसकर्मियों ने युवकों को पीटना शुरू कर दिया ? आखिरी में एक सवाल कि पुलिस वाले अपने रवैये में सुधार लाएंगे भी या नहीं ? ये सवाल हमारा नहीं बल्कि जनता के द्वारा हैं। जरूरत है इन तमाम सवालों के साथ खुद को रखकर अपनी जिम्मेवारियों पर निगहबानी कर कर्तव्य को सलीके से निभाने की।












Click it and Unblock the Notifications