Sanjay Singh: कौन हैं संजय सिंह, जो WFI के बने नए अध्यक्ष, राष्ट्रीय कुश्ती में संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारी
Who is WFI President Sanjay Singh: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) का चुनाव आज संपन्न हो गया। इस चुनाव में संजय सिंह ने भारी जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अनीता श्योराण को बुरी तरह हराया। इस चुनाव में कुल 47 वोट डाले गए, जिसमें अनीता को सिर्फ 7 वोट मिले। वहीं, संजय सिंह को कुल 40 वोट मिले।
इसके साथ ही संजय सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बन गए। संजय सिंह ने बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह ली है। इससे पहले बृजभूषण सिंह इस पद पर थे। महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

आइए बताते हैं कौन हैं संजय सिंह
संजय सिंह को बृजभूषण सिंह का बेहद करीबी और वफादार माना जाता है। संजय सिंह उत्तर प्रदेश के कुश्ती संघ और राष्ट्रीय कुश्ती संघ दोनों में पदाधिकारी रहे हैं। वे वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्हें बबलू नाम से भी जाना जाता है। वे WFI की पिछली कार्यकारी परिषद में भी शामिल थे।
महिला पहलवानों को आगे बढ़ाने में संजय सिंह का अहम योगदान
संजय सिंह शुरू से ही कुश्ती में काम करते रहे हैं। उनके दादा कुश्ती का दंगल कराया करते थे। संजय सिंह यूपी के चंदौली के रहने वाले हैं। वह WFI का प्रतिनिधित्व करते हुए विदेशों में भी दौरे कर चुके हैं। बताया जाता है कि महिला पहलवानों को आगे बढ़ाने में संजय सिंह का अहम योगदान है।
बृजभूषण सिंह के साथ लंबे समय से कर रहे काम
वे 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष बने थे। 2009 में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ बना था। उस समय बृज भूषण सिंह प्रदेश अध्यक्ष और संजय सिंह उपाध्यक्ष बने थे। वे बृजभूषण सिंह के साथ लंबे समय से काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Sanjay Singh: संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष, बृजभूषण सिंह के खेमे में जश्न












Click it and Unblock the Notifications