कौन है चोर लोकेश श्रीवास, जिसने अकेले की दिल्ली में 25 करोड़ की चोरी, 20 घंटे रहा ज्वेलरी शोरूम के अंदर
Delhi jewellery heist Thief Lokesh Srivas: देश की राजधानी दिल्ली में हुई 25 करोड़ की हाईप्रोफाइल चोरी का मास्टरमाइंड चोर लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू गिरफ्तार कर लिया गया है। लोकेश श्रीवास ने अकेले ही इस चोरी की प्लानिंग की थी। लोकेश श्रीवास के चोरी करने का एक अनोखा तरीका था। वह हमेशा चोरी जैसे वारदात को अंजाम देने से पहले घंटों भूखा रहता है।
लोकेश श्रीवास छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। वह चोरी को अंजाम देने के लिए छत्तीसगढ़ से अकेला दिल्ली आया था। वह अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता लेकिन छत्तीसगढ़ में एक चोर की गिरफ्तारी हुई, जिसने पुलिस को बताया कि एक आदमी "बड़ा काम" करके दिल्ली से लौटा था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और छत्तीसगढ़ की पुलिस ने उसे ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किया था।

इस महीने की शुरुआत में अकेले दिल्ली आया था लोकेश श्रीवास
पुलिस ने कहा कि, इस महीने की शुरुआत में बस से लोकेश श्रीवास अकेले दिल्ली आया था। उसने ज्वेलरी शोरूम की रेकी की और यह भी पता चला कि भोगल इलाके में उमराव ज्वेलरी शोरूम सोमवार को बंद रहता है। जिसके बाद उसने चोरी की पूरी साजिश रची। उसने प्लानिंग की कि कैसे शोरूम के अंदर जाना है और कैसे वहां से सारा सामान गायब कर भागना है।
चोर 20 घंटे रहा ज्वेलरी शोरूम के अंदर
लोकेश श्रीवास रविवार 24 सितंबर की रात करीब 11 बजे बगल की इमारत से दुकान में घुस गया। उसने अंदर जाते ही सबसे पहले सीसीटीवी तोड़ दिए थे। वह पूरी रात दुकान में रहा और डमी में पहनाए ज्वेलरी को सबसे पहले चुराया। उसके बाद वह स्ट्रॉन्गरूम में चला गया। उसने दीवार में छेद कर दिया और स्ट्रॉन्गरूम से सारे गहने भी ले लिया। वह दुकान से उसी तरह चला गया, जिस तरह से वह आया था।
लोकेश श्रीवास रविवार रात करीब 11.45 में शोरूम के अंदर घुसा था और लगभग 20 घंटे वहां अकेले अंदर रहने के बाद सोमवार शाम लगभग 7 बजे बाहर निकला। इस दौरान उसने उसे शोरूम में रखे फ्रीज से एक कोल्डड्रिंक पी थी।

25 करोड़ का गहना लेकर आम नागरिक की तरह दिल्ली से निकला चोर!
मालिक को चोरी के बारे में तब पता चला जब उसने मंगलवार को दुकान खोली, लेकिन श्रीवास तब तक छत्तीसगढ़ जा चुका था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लोकेश ने दुकान छोड़ दी और दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की ओर चला गया और रास्ते में अपना सामान रखने के लिए एक एक्स्ट्रा बैग भी खरीदा।
कौन है चोर लोकेश श्रीवास?
लोकेश श्रीवास छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला है। उसके ऊपर पहले से ही कई चोरी के मामले दर्ज हैं। दिल्ली में 25 करोड़ की चोरी को अंजाम देने से पहले वो तेलंगाना से भी 40 किलो सोना चुरा चुका है। उस दौरान लोकेश ने वहां इमारत में 24 घंटे भूखा रहा था। लोकेश को महंगी कारों का शौक है। इसके पास से थार कार बरामद की गई है।
लोकेश तसल्ली के कई घंटों तक चोरी की वारदात को अंजाम देता है। वह पूरी तरह से इलाके की रैकी करने के बाद ही किसी चोरी की प्लानिंग करता है। वह घटनास्थल पर किसी तरह के सबूत छोड़कर नहीं जाता है। चोरी से पहले लोकेश खाना नहीं खाता है, ताकि उसको चोरी के दौरान बाथरूम जाने की जरूरत ना हो।
बिलासपुर में नाई था लोकेश
पुलिस ने ये भी बताया है कि लोकेश श्रीवास बिलासपुर में नाई था और अपना सैलून चलाता था। वह खुद लोगों के बाल काटता था। सैलून चलाते हुए लोकेश ने गहनों की दुकान में चोरी करने का नया बिजनेस शुरू किया था। लोकेश ने सिर्फ गहनों के शोरूम अपना शिकार बनाने का फैसला किया। लोकेश श्रीवास के खिलाफ चोरी के 14 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 7 सिर्फ बिलासपुर में हैं।












Click it and Unblock the Notifications