Vikram Misri: कौन हैं विदेश सचिव विक्रम मिसरी, कहानी उस 'कश्मीरी पंडित' की, जिन्होंने पाकिस्तान को दिखाई औकात
Vikram Misri: भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत नौ आतंकी ठिकानों पर 6 मई और 7 मई की दरमियानी रात एयर स्ट्राइक कर हमला किया। ये हमला जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई में भारत ने किया है। हमले के बाद नई दिल्ली में बुधवार 7 मई को सुबह 10:30 बजे भारतीय सेना और विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग कर इस एयर स्ट्राइक की हर डिटेल शेयर की। प्रेस कॉन्फ्रेंस करने इंडियन आर्मी की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी और इंडियन एयरफोर्स की ओर से विंग कमांडर व्योमिका सिंह आई थीं। जिसके बाद भारत की नारी शक्ति की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई।
दोनों महिला अधिकारी के अलावा इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद थे। इनका प्रेस कॉन्फ्रेंस में होना भारत की एक रणनीतिक सोच है। जिस तरह कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को एक साथ मंच पर लाकर भारत ने नारी शक्ति और हिंदू-मुस्लिम एकता का परिचय दिया है, ठीक उसी तरह विक्रम मिसरी को लाकर कश्मीरियत का परिचय दिया है। विक्रम मिसरी कश्मीरी पंडित हैं। इतना ही नहीं ये नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान डेस्क पर काम भी कर चुके हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने ही की थी। शुरुआत में ही इन्होंने पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों की पोल खोलते हुए उनको औकात दिखाई। ऐसे में आइए जानें विदेश सचिव विक्रम मिसरी कौन हैं?
विक्रम मिसरी ने पाकिस्तान और आतंकवादी मॉड्यूल की पोल खोल दी
विक्रम मिसरी ने कहा,
"22 अप्रैल 2025 को लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित पाकिस्तानी और पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला किया और 25 भारतीय नागरिकों और 1 नेपाली नागरिक की हत्या कर दी...उन्होंने लोगों को उनके परिवार के सदस्यों के सामने सिर में गोली मारी। परिवार के सदस्यों को जानबूझकर आघात पहुंचाया गया और उन्हें नसीहत दी गई कि वो वापस जाकर इस संदेश को पहुंचा दें। यह हमला स्पष्ट रूप से जम्मू-कश्मीर में बहाल हो रही सामान्य स्थिति को बाधित करने के उद्देश्य से किया गया था।''
विक्रम मिसरी ने कहा,
"पाकिस्तान आधारित आतंकवादी मॉड्यूल पर हमारी खुफिया निगरानी ने संकेत दिया है कि भारत पर आगे भी हमले हो सकते हैं, अत: इन्हें रोकना और इसने निपटना दोनों को बेहद आवश्यक समझा गया। आज सुबह भारत ने इस तरह के सीमा पार हमलों का जवाब देने और उन्हें रोकने तथा उनका प्रतिरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग किया है।"
who is Foreign Secretary Vikram Misri? कौन हैं विक्रम मिसरी?
🔴 विक्रम मिसरी का जन्म 7 नवंबर 1964 को श्रीनगर में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा उधमपुर में की और बाद में ग्वालियर के सिंधिया स्कूल में पढ़ाई की। विक्रम मिसरी कश्मीरी पंडित हैं। विक्रम मिसरी भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के हैं।
🔴 विक्रम मिसरी दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से इतिहास में स्नातक की डिग्री पूरी की। उन्होंने XLRI, जमशेदपुर से MBA किया है। वे एस्पेन इंस्टीट्यूट यूएसए के इंडिया लीडरशिप इनिशिएटिव के फेलो हैं, जिसे अब कमलनयन बजाज फेलोशिप के नाम से जाना जाता है।
🔴 विक्रम मिसरी सरकार में शामिल होने से पहले,तीन साल तक निजी क्षेत्र में विज्ञापन और फिल्म मेकिंग में लिंटास इंडिया (मुंबई) और कॉन्ट्रैक्ट एडवरटाइजिंग (दिल्ली) के साथ काम किया।
🔴 विक्रम मिसरी 1989 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए। उन्होंने नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान डेस्क पर काम किया। उन्होंने दो विदेश मंत्रियों आई के गुजराल और प्रणब मुखर्जी के साथ काम किया। वे प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव थे।
🔴 विक्रम मिसरी तीन प्रधानमंत्रियों, आई के गुजराल, मनमोहन सिंह और नरेंद्र मोदी के निजी सचिव के रूप में भी काम किया। उनकी विदेशी पोस्टिंग में ब्रुसेल्स, ट्यूनिस, इस्लामाबाद और वाशिंगटन डीसी शामिल हैं।
🔴 विक्रम मिसरी श्रीलंका में उप उच्चायुक्त और म्यूनिख में महावाणिज्यदूत भी रह चुके हैं। उन्होंने स्पेन, म्यांमार और चीन में भारत के राजदूत के रूप में काम किया है। उन्होंने 2022-2024 तक उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (रणनीतिक मामले) के तौर पर भी काम किया है।
🔴 15 जुलाई 2024 को विक्रम मिसरी ने भारत के विदेश सचिव का पदभार संभाला। वह यह पद संभालने वाले तीसरे कश्मीरी पंडित हैं। उनसे पहले, कश्मीरी मूल के आर के नेहरू (1952-1955) और टी एन कौल (1968-1972) ने भी यही पद संभाला था।
🔴 विक्रम मिसरी की शादी डॉली मिसरी से हुई है और उनके दो बच्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications