कौन है स्टील कंपनी के CEO दिनेश सरावगी, जिनपर महिला से फ्लाइट में छेड़छाड़ के लिए दर्ज हुआ केस
Dinesh Kumar Saraogi: ओमान स्थित एक कंपनी के सीईओ दिनेश कुमार सरावगी पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। दिनेश कुमार सरावगी पर एक महिला ने फ्लाइट में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महिला यात्री ने दावा किया है कि उसके साथ ये छेड़छाड़ वाली घटना कोलकाता से अबू धाबी की उड़ान के दौरान हुई। महिला यात्री ने दिनेश कुमार सरावगी पर विमान में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

who is Dinesh Kumar Saraogi: कौन हैं स्टील कंपनी के CEO दिनेश सरावगी?
- दिनेश कुमार सरावगी ओमान स्थित वल्कन ग्रीन स्टील के सीईओ हैं। 65 वर्षीय दिनेश कुमार सरावगी इससे पहले जिंदल स्टील एंड पॉवर में निदेशक के पद पर काम कर चुके हैं।
- इस विवाद के सामने आने के बाद जिंदल स्टील ने स्पष्ट किया है कि दिनेश कुमार सरावगी ने 28 मार्च 2023 को निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिंदल कंपनी ने पुष्टि की है कि दिनेश कुमार सरावगी अब किसी भी पद पर उनके साथ जुड़े नहीं हैं।
- दिनेश कुमार सरावगी के इस्तीफे से पहले, उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वे जिंदल स्टील समूह के हिस्से, वल्कन ग्रीन स्टील के सीईओ हैं। इससे पहले, उन्होंने जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के सीईओ के रूप में काम किया और जिंदल स्टील समूह में विभिन्न पदों पर लंबे समय तक काम किया।
- रिपोर्ट के मुताबिक दिनेश सरावगी राजस्थान के चुरू से हैं और उनके बेटे अमेरिका में बस गए हैं।
महिला यात्री ने दिनेश सरावगी को लेकर क्या-क्या आरोप लगाए हैं?
सोशल मीडिया के जरिए 65 वर्षीय दिनेश सरावगी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जिसमें उसने कहा था कि उसे अपने फोन पर एडल्ट फिल्म की क्लिप दिखाई थी।
एक्स पर एक पोस्ट में महिला ने बताया कि कैसे दिनेश सरावगी ने कोलकाता से अबू धाबी की उड़ान के दौरान उसके साथ बातचीत शुरू की। शुरुआत में दिनेश सरावगी अपने काम, परिवार, शौक के बारे में सामान्य बातचीत की।
महिला ने आगे लिखा, ''वह (दिनेश सरावगी) मुझे पोर्न दिखाने के लिए अपना फोन और इयरफोन निकालता है! वह मुझे छूने लगा। मैं सदमे में थी और डरी हुई थी। मैं आखिरकार वॉशरूम भाग गई और एयर स्टाफ से शिकायत की।''
महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने में एतिहाद एयरवेज के क्रू के फौरन प्रतिक्रिया की सराहना की। "उन्होंने मुझे अपने बैठने की जगह पर बैठाया और मुझे चाय और फल खाने को दिए।'' हालांकि, महिला ने दावा किया कि दिनेश सरावगी एयरलाइन स्टाफ को लगातार फोन करके उसके बारे में पूछ रहे थे।
महिला के माता-पिता ने दर्ज कराई दिनेश सरावगी के खिलाफ शिकायत
महिला के माता-पिता की शिकायत के आधार पर, कोलकाता में बिधाननगर सिटी पुलिस ने रविवार (21 जुलाई) को दिनेश सरावगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 75 (यौन उत्पीड़न) और 79 (शब्दों का उच्चारण करना या ध्वनि या इशारा करना या कोई ऐसी वस्तु प्रदर्शित करना जो किसी महिला की शील भंग करती हो और उसकी निजता में दखल देती हो) के तहत मामला दर्ज किया है।
अपनी पोस्ट में, महिला ने जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन भाजपा सांसद नवीन जिंदल को भी टैग किया था, जिसमें उनसे दिनेश सरावगी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया था, जिनके बारे में उसने दावा किया था कि वह उनकी कंपनी के शीर्ष अधिकारी हैं।
महिला की पोस्ट के जवाब में नवीन जिंदल ने कहा, "आपका संपर्क करने और बोलने के लिए धन्यवाद! आपने जो किया, उसके लिए बहुत साहस की आवश्यकता होती है और मैं आपको बताना चाहता हूं कि इस तरह के मामलों के लिए हमारी नीति शून्य सहनशीलता की है।" फिर जिंदल ने जानकारी दी कि वो अब हमारे यहां किसी पद पर काम नहीं करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications