कौन हैं भाजपा के सुनील यादव, जो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव
भाजपा ने नई दिल्ली सीट पर सीएम अरविंद केजरीवाल के सामने सुनील यादव को टिकट दिया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं सुनील यादव?
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की तरफ से जीत के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। तीनों पार्टियों की तरफ राजधानी की सभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान भी हो चुका है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज नामांकन करने का आखिरी दिन है और सीएम अरविंद केजरीवाल समेत भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता आज अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी अंतिम सूची जारी की और नई दिल्ली सीट पर सीएम अरविंद केजरीवाल के सामने सुनील यादव को टिकट दिया। आइए जानते हैं कि कौन हैं सुनील यादव?

कौन हैं सुनील यादव
नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार सुनील यादव पेशे से वकील और भारतीय जनता युवा मोर्चा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हैं। दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई करने वाले सुनील यादव की गिनती दिल्ली भाजपा के कद्दावर नेताओं में की जाती है। भारतीय जनता युवा मोर्चा में मंडल अध्यक्ष के तौर पर अपना सियासी करियर शुरू करने वाले सुनील यादव कई अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आपको बता दें कि हाई प्रोफाइल नई दिल्ली सीट को लेकर दिल्ली की राजनीति गर्माई हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा ने इस सीट से सीएम केजरीवाल के सामने युवा चेहरे को उतारकर बड़ा दांव चला है।

नई दिल्ली सीट पर दो बार जीत चुके हैं केजरीवाल
2015 के विधानसभा चुनाव में भी अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़े थे। भाजपा ने यहां नुपुर शर्मा और कांग्रेस ने पार्टी की दिग्गज नेता किरण वालिया को मैदान में उतारा था। 2015 के चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने इस सीट पर 31583 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। अरविंद केजरीवाल को 57213 और भाजपा उम्मीदवार नुपुर शर्मा को 25630 वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी किरण वालिया को महज 4781 वोट ही मिल पाए। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट पर दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 25864 वोटों के अंतर से हराया था। भाजपा ने उस समय इस सीट पर विजेंद्र गुप्ता को टिकट दिया था, जिन्हें महज 17952 वोट ही मिल पाए।

तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को हरिनगर से टिकट
गौरतलब है कि आज दिल्ली विधानसभा चुनाव में नामांकन करने का आखिरी दिन है। सीएम अरविंद केजरीवाल कल यानी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करने वाले थे, लेकिन रोड शो के चलते वो नामांकन नहीं कर पाए। अरविंद केजरीवाल आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले सोमवार शाम को भाजपा ने दिल्ली के लिए 10 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को हरिनगर से टिकट दिया गया। कांग्रेस ने भी सोमवार शाम को अपने 7 प्रत्याशियों की सूची जारी की और इसके बाद बची हुई 5 सीटों पर मंगलवार को उम्मीदवारों का ऐलान किया। भाजपा ने दिल्ली में दो सीटें जेडीयू और एक सीट एलजेपी को दी है। वहीं, कांग्रेस ने चार सीटें आरजेडी के लिए छोड़ी हैं।

8 फरवरी को होगा दिल्ली का फैसला
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आने वाली 8 फरवरी को मतदान होगा। विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है, जिसने 2015 के विधानसभा चुनाव में 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। 2015 में जहां भाजपा के खाते में महज 3 सीटें ही गईं, वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।












Click it and Unblock the Notifications