लॉरेंस की 'परछाई' बना भीखाराम? सलमान को दी जान से मारने की धमकी, जानें राजस्थान से कर्नाटक तक कनेक्शन
Bikaram Jalaram Shadow of Gangster Lawrence Bishnoi: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कर्नाटक पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजस्थान के सांचौर जिले के निवासी भीखाराम बिश्नोई (32) को गिरफ्तार किया है। धमकी में सलमान से 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। आरोपी ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया है, हालांकि इस दावे की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की रात को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के वाट्सएप पर सलमान खान को धमकी भरा संदेश मिला। आरोपी ने संदेश में कहा कि अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं तो उन्हें बिश्नोई समुदाय के मंदिर में माफी मांगनी होगी या 5 करोड़ रुपये देने होंगे। अन्यथा, गैंगस्टर गिरोह उन्हें जान से मार देगा। पुलिस ने इस धमकी की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की और कर्नाटक में रह रहे भीखाराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।

खुद को बता रहा लॉरेंस का भाई!
गिरफ्तारी के बाद भीखाराम ने दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई का भाई है। पुलिस ने इस बयान की जांच शुरू की है, लेकिन अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि उसका लॉरेंस बिश्नोई से वास्तविक संबंध है। फिलहाल, आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है और कर्नाटक पुलिस ने उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया है।
क्यों सलमान की जान के पीछे पड़ा लॉरेंस?
सलमान खान और बिश्नोई समुदाय के बीच विवाद की जड़ें 1998 की एक घटना से जुड़ी हैं, जब जोधपुर में सलमान पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा था। काला हिरण बिश्नोई समुदाय के लिए पवित्र है, और इस घटना के बाद से ही सलमान बिश्नोई समुदाय के निशाने पर हैं। लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह ने कई बार सलमान को जान से मारने की धमकी दी है, जिसमें उनके आवास के पास गोलीबारी की घटनाएं भी शामिल हैं।
सलमान को डराने के लिए बाबा सिद्दीकी की हत्या?
अप्रैल 2024 में सलमान के बांद्रा स्थित घर के पास गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसने सलमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी थीं। इसके बाद से ही सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई है। बीती, 12 अक्टूबर 2024 में मुंबई में सलमान के करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई थी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया। माना जाता है कि इस हत्या से लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान को डराने की कोशिश की थी, और हालिया धमकी भी उसी कड़ी का हिस्सा है।
ये भी पढ़ें- पुलिस-गैंगस्टर लॉरेंस के बीच सांठगांठ? निचले स्तर के अधिकारी 'बलि का बकरा'! बिश्नोई के इंटरव्यू पर कोर्ट सख्त
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 9 दबोचे गए
आपको बता दें कि, सिद्दीकी हत्याकांड में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें गुरमेल बलजीत सिंह, धर्मराज कश्यप, हरीश कुमार निसाद, प्रवीण लोनकर, नितिन गौतम सप्रे, संभाजी किसन पारधी, प्रदीप दत्तू थोम्ब्रे, चेतन दिलीप पारधी और राम फूलचंद कनौजिया शामिल हैं।
सलमान को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
सलमान को इससे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी साल नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था और सलमान से 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके अलावा झारखंड के एक व्यक्ति ने भी सलमान को धमकी दी थी, लेकिन बाद में माफी मांग ली थी।
पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी
सलमान खान की बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके। साथ ही, पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि आरोपी भीखाराम बिश्नोई के लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े होने के दावे की सच्चाई सामने आ सके।
ये भी पढ़ें- Salman Khan Murder Planing: अंडरकवर लेडी ऑफिसर ने बिगाड़ा लॉरेंस का गेम! जानें कैसे शूटर को जाल में फांसा?
सलमान को धमकी देने वाले अब तक तीन गिरफ्तार
- 7 नवंबर 2024: कर्नाटक पुलिस ने राजस्थान के सांचौर जिले के निवासी भीखाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। यह खुद के लॉरेंस का भाई बता रहा है।
- 20 अक्टूबर 2024: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे विधायक जीशान सिद्दीकी को धमकी भरे कॉल-मैसेज भेजने वाला दबोचा गया। आरोपी मोहम्मद तैय्यब उर्फ गुरफान खान (20) की गिरफ्तारी नोएडा के सेक्टर 39 इलाके से हुई।
- 17 अक्टूबर 2024: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के प्रमुख सदस्य सुखबीर बलबीर सिंह उर्फ सुखा को हरियाणा के पानीपत में एक होटल से गिरफ्तार किया गया। सुखा को नवी मुंबई पुलिस की लेडी ऑफिसर ने अपने जाल में फंसाकर गिरफ्तार किया। यह एक स्टिंग ऑपरेशन था।
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई का यह विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बिश्नोई समुदाय के मंदिर में माफी मांगने या 5 करोड़ रुपये देने की धमकी देने वाले इस मामले ने एक बार फिर से सलमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस मामले में कड़ी नजर बनाए हुए है और सलमान की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
ये भी पढ़ें- क्या अब निशाने पर हैं शाहरुख खान? कौन है रायपुर का फैजान खान जिसने दी धमकी, कहा- पैसा दो नहीं तो मार दूंगा












Click it and Unblock the Notifications