कौन हैं हरप्रीत सिंह भाटिया? पंजाब किंग्स को छोड़ यूएई से खेलते हुए जड़ा भारत के खिलाफ शतक
क्रिकेट में कई बार खिलाड़ी का करियर एक ऐसा मोड़ लेता है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होती। कभी भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया अब यूएई की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत ए के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने सुर्खियां बटोर ली हैं। खास बात यह है कि जिस देश के लिए उन्होंने कभी क्रिकेट खेलने का सपना देखा होगा, उसी के खिलाफ अब वह दूसरी टीम की जर्सी में मैदान पर उतरे।
35 वर्षीय हरप्रीत बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उनका भारतीय क्रिकेट से पुराना नाता रहा है। वह भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं और 2010 में अंडर 19 विश्व कप भी खेल चुके हैं। इसके अलावा आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया और पंजाब किंग्स जैसी फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे हैं। हालांकि उन्हें कभी भारतीय सीनियर टीम में खेलने का मौका नहीं मिला।

भारत ए के खिलाफ शतक लगाकर फिर चर्चा में आए
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत ए के खिलाफ हरप्रीत की पारी इसलिए भी खास है क्योंकि सामने भारतीय टीम थी। इसी देश के घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपने करियर के कई साल बिताए हैं। अब यूएई की जर्सी में उसी भारतीय क्रिकेट सिस्टम से निकले खिलाड़ियों के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया।
छत्तीसगढ़ में हुआ जन्म, मध्य प्रदेश से शुरू किया क्रिकेट का सफर
हरप्रीत सिंह भाटिया का जन्म 11 अगस्त 1991 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई। बाद में वह छत्तीसगढ़ की टीम से भी जुड़े और कई साल तक भारतीय घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहे।
उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें 2010 के अंडर 19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। हालांकि, जूनियर क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद वह सीनियर भारतीय टीम तक नहीं पहुंच सके।
IPL में इन तीन टीमों का रह चुके हैं हिस्सा
हरप्रीत का आईपीएल करियर भी काफी पुराना है। वह कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स इंडिया की टीमों से जुड़े रहे। इसके बाद पंजाब किंग्स ने उन्हें 2023 और 2024 के सीजन में अपनी टीम में शामिल किया।
पंजाब के लिए खेलने के दौरान भी उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के मौके मिले। हालांकि आईपीएल में वह कोई बड़ा मुकाम हासिल नहीं कर सके। अब यूएई की टीम में शामिल होकर उन्होंने अपने क्रिकेट करियर को एक नई दिशा दी है।



Click it and Unblock the Notifications
