Sameer Wankhede के खिलाफ मुहिम छेड़ने वाले NCP नेता Nawab Malik कहां हैं?
आर्यन खान केस में एनसीपी नेता नवाब मलिक ने तत्कालीन एनसीबी डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ मुहिम छेड़ी थी। अब वानखेड़े पर ही भ्रष्टाचार का केस दर्ज हुआ है। इससे जेल में बंद मलिक के समर्थक खुश हैं।

सीबीआई ने शुक्रवार को आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले मुकदमा दर्ज किया है। वानखेड़े वह अफसर हैं, जिनके खिलाफ कभी एनसीपी के बड़े नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक ने आर्यन खान मामले में मुहिम छेड़ी थी। नवाब मलिक तब विरोधियों के निशाने पर आ गए थे।

हाई-प्रोफाइल मामलों और विवादों की वजह से चर्चा में रहे हैं समीर वानखेड़े
समाचार पत्रों की हेडलाइन से समीर वानखेड़े का पुराना नाता रहा है और उसी तरह से वह अपने साथ जुड़े विवादों की वजह से भी चर्चित रहे है। यह सिलसिला तब से जारी है, जब 2008 में उन्होंने नौकरी ज्वाइन की थी। अभी उनकी पोस्टिंग चेन्नई में है और भ्रष्टाचार के मामले में उनपर सीबीआई ने केस दर्ज किया और ठिकानों पर छापेमारी भी हुई है।

रिया चक्रबर्ती और आर्यन खान केस में भी खूब चर्चित हुए
पिछले वर्षों में समीर वानखेड़े दो वजहों से खूब हेडलाइन बने थे। दोनों ही मामले उनकी तरह ही हाई प्रोफाइल थे। 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्थ मौत के बाद अभिनेत्री रिया चक्रबर्ती से जुड़े मादक पदार्थों के मामले में और 2021 में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े इसी तरह के केस में वह चर्चा में आए थे।

आर्यन खान केस में नवाब मलिक ने वानखेड़े के खिलाफ खोला था मोर्चा
संयोग ये था कि जब मुंबई के दोनों ही मामले सुर्खियों में थे तो नवाब मलिक महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल मंत्री हुआ करते थे। यह वो दौर था जब समीर वानखेड़े मुंबई जोन के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डायरेक्टर पद पर तैनात थे। जब क्रूज शिप में कथित ड्रग्स पार्टी के मामले में आर्यन खान को एनसीबी ने शिकंजे में लिया तो नवाब मलिक ने वानखेड़े के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया था।

आर्यन खान ने 25 दिन जेल में गुजारे थे
उन्होंने एनसीबी पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप लगाया और यह भी कहा कि उसने बीजेपी से जुड़े लोगों को छोड़ दिया, जिसका ब्यूरो ने खंडन किया था। इस मामले में आर्यन खान ने 25 दिन मुंबई की आर्थर रोड जेल में गुजारे और मई, 2022 में जमानत पर रिहा हुए। बाद में एनसीबी ने माना कि उनके खिलाफ उसे कोई सबूत नहीं मिला और उनका नाम चार्जशीट से भी हटा दिया गया।
Recommended Video


फरवरी 2022 से जेल में हैं नवाब मलिक
एनसीपी नेता नवाब मलिक अभी वित्तीय अनियमितता के आरोपों में फरवरी, 2022 से जेल में बंद हैं। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था। उनपर कथित रूप से अंडरवर्ल्ड माफिया दाऊद इब्राहिम के परिवार वालों से भी ताल्लुकात रखने के आरोप लग चुके हैं।

उद्धव ने जेल में रहने पर भी मंत्री बनाए रखा
वे जेल जाने के बाद भी जून, 2022 तक तब तक महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री पद पर बने रहे, जब तक उस साल जून के आखिर में उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दे दिया। इस साल फरवरी में उनकी ओर से स्वास्थ्य के आधार पर बंबई हाई कोर्ट में जमानत की अर्जी दी गई थी। अदालत में मुंबई के एक अस्पताल की यह रिपोर्ट भी दी गई थी कि उनकी एक किडनी खराब है।
वह अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं और मायानगरी के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इसी महीने की 6 तारीख को भी उनकी जमानत की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने मुंबई में पीएमएलए कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया है। उनकी ओर से खराब सेहत के नाम पर जमानत मांगी जा रही है।

एनसीपी ने कहा- सत्यमेव जयते
समीर वानखेड़े अभी चेन्नई में तैनात हैं और सीबीआई ने उनके और उनके चार सहयोगियों के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज किया है। महाराष्ट्र समेत 29 ठिकानें पर छापेमारी भी की गई है। इस घटना के बाद एनसीपी ने बयान दिया है कि नवाब मलिक वानखेड़े पर जिस तरह के आरोप लगा रहे थे, उसकी पुष्टि हुई है। पार्टी प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने उनकी एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया है और कैप्शन में लिखा है, 'सत्यमेव जयते।' (तस्वीरें- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications