पनामा पेपर्स क्या है? जिसमें ED ने ऐश्वर्या राय बच्चन को पूछताछ के लिए किया समन
नई

पनामा पेपर्स क्या है?
पनामा पेपर लीक मामले में साल 2015 में एक कंपनी मोस्सैक फोंसेका के 1.15 करोड़ से ज्यादा कानूनी दस्तावेज लीक हो गए थे। 3 अप्रैल, 2016 को इससे जुड़े आंकड़े एक जर्मन अखबार (एसजेड) ने पनामा पेपर के नाम से जारी किया। इस दस्तावेज में भारत के साथ ही करीब 200 देशों के उद्योगपतियों, मशहूर हस्तियों, नेताओं के नाम शामिल थे। इन सबपर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप थे। दस्तावेज में साल 1977 से लेकर 2015 के आखिर तक की जानकारी होने का दावा किया गया था।

पनामा पेपर्स में क्या राज छिपे हैं ?
इस पेपर में संबंधित व्यक्तियों से जुड़ी वित्तीय जानकारियां और उनकी कथित अवैध लेनदेन का मामला शामिल हैं। जिन्होंने संबंधित कंपनी को पैसे दिए और टैक्स चोरी समेत अंतरराष्ट्रीय पाबंदियों से बचने के लिए गैरकानूनी निवेश के तहत उसका इस्तेमाल किया। एक अज्ञात शख्स जिसका नाम 'जॉन डो' बताया जाता है, उसने जर्मन अखबार के एक पत्रकार को यह दस्तावेज दिया था। कहा जाता है कि इसके पीछे उसका मकसद यही था कि दुनियाभर की बड़ी हस्तियों का 'यह अपराध' सार्वजनिक हो जाए। पनामा सरकार को इस दस्तावेज में पनामा का नाम शामिल करने लेकर कड़ी आपत्ति थी, इसीलिए कई मीडिया हाउस इसे 'मोस्सैक फोंसेका पेपर्स' भी कहते हैं।

पनामा पेपर में भारत की किन बड़ी हस्तियों के नाम ?
भारत के करीब 300 हस्तियों के भी नाम शामिल थे, जिसमें बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, उनकी बहू ऐश्वर्या का भी नाम था। बाकी नामों में अभिनेता अजय देवगन और भगोड़े उद्योगपति विजय माल्या और कुख्यात अपराधी इकबाल मिर्ची का भी नाम था। यही नहीं इसमें भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे का भी नाम था। इनके अलावा डीएलएफ के पूर्व सीईओ कुशल पाल सिंह, इंडियाबुल्स के समीर गहलोत और लोक सत्ता पार्टी के दिल्ली ब्रांच के पूर्व प्रमुख अनुराग केजरीवाल का भी नाम शामिल है।

पनामा पेपर में शामिल वैश्विक हस्तियां ?
पनामा पेपर में जिन वैश्विक चेहरों के नाम शामिल बताए जाते हैं उसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी और महान फुटबॉलर लियोन मेसी के नाम भी शामिल हैं। वहीं आइसलैंड के एक पूर्व प्रधानमंत्री, पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ, यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको और सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सौद भी शामिल हैं। यही नहीं इसमें टाइगर वुड्स और जैकी चैन जैसे वर्ल्ड सेलिब्रिटीज के नाम भी बताए जाते हैं। यही नहीं आरोपों के मुताबिक चीन के राष्ट्रपति शी जिपिंग के परिवार वालों के भी ऑफशोर अकाउंट से तार जुड़े हुए हैं और ब्रिटेन के पूर्व पीएम डेविड कैमरन के पिता ने भी इसके जरिए पैसे लगा रखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications