क्या होता है डिप्लोमेटिक पासपोर्ट, संसद सदस्यता के बाद राहुल गांधी को क्यों करना पड़ा सरेंडर?
संसद सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपना राजनयिक या डिप्लोमेटिक पासपोर्ट सरेंडर करना पड़ा। आखिर क्या होता है ये डिप्लोमेटिक पासपोर्ट।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के बाद उन्हें अपना डिप्लोमैटिक पासपोर्ट भी सरेंडर करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने 31 मई से शुरू होने वाली अपनी अमेरिकी यात्रा के लिए सामान्य पासपोर्ट के लिए एनओसी की मांग करते हुए दिल्ली की एक अदालत का रुख किया। लेकिन, ये राजनयिक पासपोर्ट या डिप्लोमेटिक पासपोर्ट क्या होता है और इसे कैसे प्राप्त किया जाता है।
डिप्लोमेटिक पासपोर्ट को टाइप डी पासपोर्ट के रूप में भी जाना जाता है। सरकारी अधिकारी, नेताओं और कुछ चुनिंदा व्यक्तियों को जारी किए जाते हैं जो भारत की ओर से अधिकारिक यात्रा करने के लिए अधिकृत होते हैं। इस पासपोर्ट का रंग मैरून होता है। इस पासपोर्ट में 28 पेज होते हैं, इसकी अवधि पांच साल या उससे कम होती है।
डिप्लोमेटिक पासपोर्ट के क्या क्या लाभ होते हैं?
- डिप्लोमेटिक पासपोर्ट रखने वाले व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कुछ विशेषाधिकार होते हैं। मेजबान देश में गिरफ्तारी, हिरासत और कुछ कानूनी कार्रवाई से प्रतिरक्षा भी शामिल है।
- डिप्लोमेटिक पासपोर्ट भारत के अधिकारिक प्रतिनिधित्व को दर्शाता है। साथ ही ये अंतरराष्ट्रीय समकक्षों, विदेशी अधिकारियों और राजनयिक समुदायों के साथ बात और विश्वसनीयता की भावना प्रदान करता है।
- राजनयिक पासपोर्ट राजनयिक मिशनों पर भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्तियों के लिए एक अधिकारिक पहचान दस्तावेज के रूप में काम करता है।
- राजनयिक पासपोर्ट को वीजा सुविधा को लेकर भी कुछ विशेषाधिकार प्राप्त होते हैं। इसमें उन्हें विदेशों में एम्बेंसी से लेकर यात्रा के दौरान कई सुविधाएं दी जाती हैं। साथ ही देशों में जाने के लिए वीजा की जरुरत नहीं पड़ती तो साथ ही इमिग्रेशन भी सामान्य लोगों की तुलना में काफी जल्दी और आसानी से हो जाता है।
क्या एक आम नागरिक को डिप्लोमेटिक पासपोर्ट मिल सकता है?
डिप्लोमेटिक पासपोर्ट व्यक्तियों को उनके आधिकारिक पदनाम और सरकार के भीतर भूमिकाओं के आधार पर जारी किए जाते हैं। वे आम जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं हैं और व्यक्तिगत या अवकाश यात्रा के लिए प्राप्त नहीं किए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications