#ScorpeneLeak:घटना पर क्या कहा इंडियन नेवी ने
नई दिल्ली। इंडियन नेवी ने स्कॉर्पीन लीक स्कैंडल पर बयान जारी किया है। इंडियन नेवी का यह पहला आधिकारिक बयान है जो इस घटना के बाद आया है। इंडियन नेवी ने कहा है कि जो भी डॉक्यूमेंट्स लीक हुए और जिन्हें वेबसाइट पर अपलोड किया गया, उनकी जांच की गई है। इंडियन नेवी की मानें तो फिलहाल ऐसा कोई खतरा आने वाले भविष्य में नजर नहीं आता है।

किसी तरह का खतरा नहीं
न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इंडियन नेवी का कहना है कि जो भी डॉक्यूमेंट्स ऑस्ट्रेलियन मीडिया की वेबसाइट पर जारी हुए उनकी पूरी जांच की गई है।
ऐसा नहीं लगता कि सुरक्षा के साथ किसी तरह का कोई समझौता हुआ है। हालांकि कुछ बुनियादी मानकों को जरूर खारिज किया गया।
फ्रांस की सरकार के सामने मामला
इंडियन नेवी ने कहा कि इस पूरे मसले को फ्रांस की सरकार के सामने रखा गया है। सरकार से इस पूरे मसले की तुरंत जांच की मांग की गई है। साथ ही भारत से जांच में सामने आईं अहम बातों को भी साझा करने को कहा गया है।
हालांकि किसी भी खतरे की संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता है। ऐसे में एक आंतरिक ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इंडियन नेवी के मुताबिक सभी जरूरी कदमों के जरिए आ रहीं रिपोर्ट्स की सत्यता की जांच की जा रही है।
भारत सरकार ने बनाई कमेटी
इसके अलावा भारत सरकार भी इस बात की जांच कर रही है कि जो डॉक्यूमेंट्स ऑस्ट्रेलियाई सूत्र के पास हैं क्या वह किसी संवेदनशील प्रभाव की कोई जानकारी भी रखते हैं।
रक्षा मंत्रालय की ओर से एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है जो इस पूरे मसले को देखेगी। साथ ही इंडियन नेवी भी सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी कदमों को उठा रही है।












Click it and Unblock the Notifications