UNGA में पाकिस्तान को कैसे घेरेगा भारत, अकबरुद्दीन ने दिखाया 'ट्रेलर'
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए भारत ने कड़ी तैयारी कर ली है। विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार देर रात की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात के स्पष्ट संकेत दिए गए हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा, 'पाकिस्तान को जवाब दिया जाएगा, लेकिन मैं यह अभी नहीं बता सकता कि क्या होने वाला है. मैं फीचर फिल्म नहीं, सिर्फ उसका ट्रेलर दिखा सकता हूं।'
'पूरी दुनिया कर रही है इंतजार'
अकबरुद्दीन ने कहा कि पूरी दुनिया बात के इंतजार में है कि विदेश मंत्री 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में क्या कहने वाली हैं। उन्होंने कहा, 'सार्क मीटिंग में विदेश राज्य मंत्री ने आतंकवाद का मुद्दा उठाया और यह भी बताया कि हम कैसे इसके खिलाफ लड़ रहे हैं।'
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया से भारत की मुहिम को समर्थन मिल रहा है। हमें इस पर फोकस करना है।
'खाली हाथ लौटे शरीफ'
अकबरुद्दीन ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने महासभा में भारत के खिलाफ पुरजोर कोशिशें कीं, लेकिन उन्हें निराशा ही मिली। वह खाली हाथ लौट गए। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान को किसी का समर्थन नहीं मिला। आतंकवाद के खिलाफ दुनिया एकजुट हो रही है, यह पाकिस्तान के लिए सबक है।'












Click it and Unblock the Notifications