'मामूली नौकरी के लिए मुझे अपमानित स्थिति में ढकेल दिया', बंगाल में BLO ने किया सुसाइड, SIR को लेकर तनाव में थी
West Bengal SIR:पश्चिम बंगाल में विधानभा चुनाव से पहले राज्य भर में SIR (Special Intensive Revision) का कार्य करवाया जा रहा है। एसआईआर का सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की सरकार और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता जमकर विरोध कर रहे हैं।
इसी बीच शनिवार को एआईआर से जुड़ी नदिया जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को लेकर बड़ी घटना सामने आई है। नदिया के कार्यरत एक महिला बीएलओ शनिवार सुबह अपने घर में मृत पाई गई। मृतक बीएलओ के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि वह SIR कार्य से संबंधित तनाव में थी और उसने आत्महत्या की है।

इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर मृतक महिला की फोटो और उसका आखिरी लेटर शेयर करते हुए बीएलओ की मौत पर गहरा सदमा व्यक्त किया और कहा कि यह स्थिति अब "वास्तव में चिंताजनक" हो गई है।
बनर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "एक और बीएलओ, एक पैरा-टीचर की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं, जिसने आज कृष्णानगर में आत्महत्या कर ली। 82 चपड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 201 की बीएलओ रिंकू तरफदार ने आज अपने निवास पर आत्महत्या करने से पहले अपने सुसाइड नोट (प्रति संलग्न) में चुनाव आयोग (ECI) को दोषी ठहराया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "कितनी और जानें जाएंगी? इस SIR के लिए कितने और लोगों को मरना होगा? इस प्रक्रिया के लिए हमें और कितने शव देखने पड़ेंगे? यह अब वास्तव में चिंताजनक हो गया है!"
एक अधिकारी ने बताया कि 52 वर्षीय बीएलओ रिंकू तरफदार, कृष्णानगर के चपड़ा स्थित बंगालीझि क्षेत्र में अपने आवास पर अपने कमरे की छत से लटकी पाई गईं। अधिकारी ने कहा, "परिवार का दावा है कि वह SIR के कार्यभार के कारण अत्यधिक दबाव में थीं। हमने उनके कमरे से एक नोट बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आवश्यक जांच जारी है।"
चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया
पुलिस ने बताया कि विवेकानंद विद्यामंदिर में पैरा-टीचर तरफदार, चपड़ा-2 पंचायत में बूथ नंबर 201 के लिए बीएलओ के रूप में कार्यरत थीं। नोट में, जिसे कथित तौर पर महिला ने लिखा था, मृतक ने अपनी स्थिति के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक ने किसी राजनीतिक दल का समर्थन न करने और एक साधारण नागरिक होने की बात भी कही थी।
सुसाइड नोट में महिला बीएलओ ने क्या लिखा?
सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया, "मैं जीना चाहती हूं। मेरे परिवार में किसी चीज की कमी नहीं है। लेकिन इस मामूली नौकरी के लिए, उन्होंने मुझे इतनी अपमानित स्थिति में धकेल दिया कि मेरे पास मरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। मैं यह अमानवीय कार्यभार सहन नहीं कर सकती।
मैं एक पार्ट-टाइम टीचर हूं
उसने आगे लिखा, "मैं एक पार्ट-टाइम टीचर हूं, और मेरे प्रयास की तुलना में मेरा वेतन बहुत कम है, फिर भी वे मुझे राहत नहीं दे रहे थे। मैंने 95 प्रतिशत ऑफलाइन काम पूरा कर लिया था, लेकिन मैं ऑनलाइन कार्यों को संभालने में असमर्थ थी। बीडीओ कार्यालय और मेरे सुपरवाइजर को सूचित करने के बावजूद, कोई कार्रवाई नहीं की गई। मुझे बूथ नंबर 201 का काम सौंपा गया था क्योंकि कोई और उपलब्ध नहीं था, जबकि बाद में कई अन्य लोगों को अन्य बूथों में बीएलओ के रूप में नियुक्त किया गया।"
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications