V D Satheesan Profile: कौन हैं वीडी सतीशन? हाईकोर्ट वकील से केरल CM बनने तक का सफर, अथाह संपत्ति के हैं मालिक
V D Satheesan Profile: केरल की राजनीति में बड़ा बदलाव हो गया है। कांग्रेस ने आखिरकार उस चेहरे पर भरोसा जताया, जो पिछले कई सालों से पार्टी के सबसे आक्रामक और रणनीतिक नेताओं में गिना जाता रहा है। वीडी सतीशन अब केरल के नए मुख्यमंत्री होंगे। 14 मई को कांग्रेस ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी। पिनाराई विजयन की वामपंथी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दों पर मोर्चा खोलने वाले सतीशन ही वह चेहरा हैं, जिन्होंने अपनी आक्रामक रणनीति से UDF को 102 सीटों की ऐतिहासिक जीत दिलाई।
सतीशन सिर्फ कांग्रेस हाईकमान की पसंद नहीं थे, बल्कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के सहयोगी दल भी उन्हें सबसे मजबूत चेहरा मान रहे थे। माना जा रहा है कि केरल में कांग्रेस गठबंधन की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति और आक्रामक चुनाव अभियान की अहम भूमिका रही। इसके बाद से हर कोई जानना चाहता है कि आखिर वीडी सतीशन कौन हैं, कितने पढ़े-लिखे हैं, राजनीति में उनका सफर कैसा रहा और उनकी संपत्ति कितनी है? आइए जानते हैं कौन हैं केरल के ये नए 'कैप्टन' और क्या है उनकी ताकत।

▶️ कौन हैं वीडी सतीशन? (Who is V. D. Satheesan)
वीडी सतीशन का पूरा नाम वडास्सेरी दामोदरन सतीशन है। वीडी सतीशन 2001 से लगातार पारावूर सीट से विधायक हैं। उनका जन्म 31 मई 1964 को कोच्चि के नेट्टूर इलाके में हुआ था। वह एक ऐसे नेता माने जाते हैं जिन्होंने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा तक का लंबा सफर तय किया।
वह पिछले दो दशक से ज्यादा समय से केरल की राजनीति में सक्रिय हैं और पारावूर विधानसभा सीट से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें विपक्ष का नेता बनाया गया था। अब वही नेता राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं।
▶️ कितने पढ़े-लिखे हैं सतीशन? (V. D. Satheesan Education Qualification)
वीडी सतीशन की पढ़ाई-लिखाई का रिकॉर्ड काफी मजबूत माना जाता है। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई पनंगड हाई स्कूल से की। इसके बाद सेक्रेड हार्ट कॉलेज से ग्रेजुएशन किया।
फिर उन्होंने सोशल वर्क में मास्टर्स डिग्री हासिल की। इसके बाद कानून की पढ़ाई की ओर बढ़े और एलएलबी तथा एलएलएम की डिग्री ली। राजनीति में आने से पहले सतीशन ने लगभग 10 साल तक केरल हाईकोर्ट में एक सफल वकील के रूप में प्रैक्टिस की। यही वजह है कि उन्हें केरल कांग्रेस के सबसे पढ़े-लिखे नेताओं में गिना जाता है। विधानसभा में उनकी बहस और कानूनी समझ की काफी चर्चा रहती है।

परिवार और निजी जिंदगी (V. D. Satheesan Family Life)
वीडी सतीशन की पत्नी का नाम आर. लक्ष्मीप्रिया है। उनकी एक बेटी भी है। राजनीति के अलावा उन्हें पढ़ने, ट्रैवलिंग और ट्रेकिंग का काफी शौक है। करीबी लोग बताते हैं कि वह बेहद शांत लेकिन रणनीतिक सोच वाले नेता हैं। सार्वजनिक मंचों पर आक्रामक दिखने वाले सतीशन निजी जिंदगी में काफी सादगी पसंद माने जाते हैं।
▶️ छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर (Political Journey V. D. Satheesan)
- सतीशन की राजनीति की शुरुआत कॉलेज दौर से हुई। वह 1986-87 में महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी यूनियन के चेयरमैन रहे। बाद में उन्होंने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) में भी अहम जिम्मेदारी संभाली।
- हालांकि राजनीति में उनकी शुरुआत आसान नहीं रही। 1996 में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। उस समय पारावूर सीट वामपंथियों का मजबूत गढ़ मानी जाती थी।
- लेकिन 2001 में उन्होंने वापसी की और पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
- वीडी सतीशन 2001 से लगातार पारावूर सीट जीत रहे हैं। उन्होंने 2006, 2011, 2016 और 2021 के चुनावों में भी जीत दर्ज की।
- 2011 में उन्होंने CPI नेता पन्नयन रविंद्रन को हराया। 2016 में जीत का अंतर और बढ़ गया। वहीं 2021 में उन्होंने करीब 22 हजार वोटों से जीत हासिल की।
- कांग्रेस के अंदर उन्हें एक तेजतर्रार वक्ता और रणनीतिक नेता माना जाता है। केरल विधानसभा में वित्त और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर उनकी बहसें काफी चर्चित रही हैं।

▶️ वीडी सतीशन की संपत्ति का पूरा हिसाब (V. D. Satheesan: Net Worth and Assets)
मुख्यमंत्री बनने जा रहे सतीशन के पास अच्छी-खासी संपत्ति है। 2026 के विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार, सतीशन और उनकी पत्नी लक्ष्मीप्रिया के पास कुल 6.69 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
🔹चल संपत्ति (Movable Assets): सतीशन के नाम पर लगभग 53.82 लाख रुपये और उनकी पत्नी के नाम पर 68.45 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें कैश, बैंक बैलेंस और शेयर शामिल हैं।
🔹सोना: सतीशन के पास सिर्फ 35 ग्राम सोना है, लेकिन उनकी पत्नी के पास 1,128 ग्राम (करीब सवा किलो) सोना है।
🔹अचल संपत्ति (Immovable Assets): सतीशन के पास करीब 2.42 करोड़ रुपये की जमीन और घर है। उनकी पत्नी के पास भी पुश्तैनी जमीन है जिसकी कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये है।
🔹कर्ज और देनदारियां: सतीशन पर करीब 24 लाख रुपये का लोन है, जबकि उनकी पत्नी पर 17.45 लाख रुपये की देनदारी है।

▶️ क्यों चुना कांग्रेस ने सतीशन को? (Why Congress Picked Satheesan for CM Post?)
वीडी सतीशन को कांग्रेस का "न्यू एज फेस" माना जा रहा है। वह पुराने अनुभव और नई राजनीतिक रणनीति का मिश्रण माने जाते हैं। केरल जैसे राज्य में, जहां वामपंथ और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई रहती है, वहां सतीशन की आक्रामक शैली ने पार्टी को नई ऊर्जा दी।
उनकी सबसे बड़ी ताकत यह मानी जाती है कि वह संगठन, मीडिया और विधानसभा तीनों जगह मजबूत पकड़ रखते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस ने केरल की कमान अब उनके हाथों में सौंप दी है।
सतीशन का मुख्यमंत्री चुना जाना केरल कांग्रेस में एक नई पीढ़ी के उदय का संकेत है। इसके पीछे कई बड़े कारण हैं:
🔹विजय के सूत्रधार: 2026 के चुनाव में 102 सीटें जीतना आसान नहीं था। सतीशन ने जिस तरह से जमीनी स्तर पर काम किया और गुटबाजी को खत्म किया, उसका इनाम उन्हें मिला है।
🔹साफ-सुथरी छवि: विजयन सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सतीशन एक बेदाग और पढ़े-लिखे चेहरे के रूप में उभरे।
🔹बौद्धिक क्षमता: कानून की गहरी समझ होने के कारण वे जटिल नीतिगत मुद्दों को आसानी से जनता के सामने रख पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications