CM Bhagwant Mann Meets Toppers: सीएम भगवंत मान आज करेंगे 12वीं टॉपर्स का सम्मान, चंडीगढ़ में मिलेगा स्कॉलरशिप
CM Bhagwant Mann Meets Toppers: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज (14 मई) चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर 12वीं कक्षा के टॉपर्स और उनके अभिभावकों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। बुधवार को घोषित हुए नतीजों में बेटियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री इन मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे और राज्य सरकार की ओर से घोषित स्कॉलरशिप के चेक भी सौंपेंगे। पंजाब सरकार की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

PSEB 12th Toppers List 2026: 100% अंक के साथ तीन बेटियों ने रचा इतिहास
इस साल के नतीजों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि टॉप तीन स्थानों पर रहने वाली छात्राओं ने 500 में से 500 (100%) अंक हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री आज इन तीनों 'सुपरगर्ल्स' से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे:
सुप्रीत कौर (मानसा): गुरुकुल एकेडमी पब्लिक स्कूल, बोहा की सुप्रीत ने साइंस स्ट्रीम में पूरे अंक पाकर राज्य में पहला स्थान हासिल किया। वह तलवारबाजी (Fencing) की भी शानदार खिलाड़ी हैं।
सुहानी चौहान (लुधियाना): बीसीएम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सुहानी ने ह्यूमैनिटीज में 100% अंक पाए। वह राज्य स्तरीय बेसबॉल खिलाड़ी भी हैं।
दिव्यांशी (लुधियाना): स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दिव्यांशी ने भी 500 में से 500 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
91.46 प्रतिशत रहा इस बार का रिजल्ट
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इस वर्ष राज्यभर से कुल 2,65,417 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 2,42,755 छात्र सफल घोषित किए गए। इस बार बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 91.46 फीसदी दर्ज किया गया है, जिसे पिछले सालों की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि विद्यार्थियों की लगातार मेहनत, नियमित तैयारी और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल का असर इस बार के नतीजों में साफ दिखाई दिया। रिजल्ट जारी होने के बाद पूरे पंजाब में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बेटियों ने फिर मारी बाजी
पंजाब बोर्ड के इस साल के रिजल्ट में एक बार फिर छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। मेरिट सूची में बड़ी संख्या में लड़कियों ने अपनी जगह बनाई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि राज्य में बेटियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है और इसका असर बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।
छात्रों को प्रोत्साहित करने की सरकार की कोशिश
पंजाब सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले भी बोर्ड टॉपर्स और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुके हैं।
सरकार का मानना है कि छात्रों को सम्मान और आर्थिक सहयोग देने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। आज होने वाला यह कार्यक्रम सिर्फ सम्मान समारोह नहीं बल्कि पंजाब के युवाओं को यह संदेश भी देगा कि मेहनत और लगन से हासिल की गई सफलता को सरकार और समाज दोनों सराहते हैं।














Click it and Unblock the Notifications