बंगाल और पुडुचेरी में भी 12वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द, जल्द रिजल्ट जारी करने पर फोकस
कोलकाता, 7 मई: देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है, जहां अभी भी रोजाना 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इस वायरस के चक्कर में बच्चों की पढ़ाई काफी ज्यादा प्रभावित हो रही है, खासकर उनकी जो 10वीं और 12वीं में हैं। हाल ही में पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में CBSE ने 12वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। जिसके बाद अब स्टेट बोर्ड भी सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में सोमवार को बंगाल और पुडुचेरी की सरकार ने भी आदेश जारी कर दिया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुताबिक अभी भी बंगाल में काफी कोरोना केस आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों की जान खतरे में डालना सही नहीं है। इस वजह से बंगाल बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित की जाती है। दोनों क्लास में पढ़ने वाले छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर पास किया जाएगा। हालांकि अभी इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया गया है। वहीं दूसरी ओर पुडुचेरी सरकार ने भी 12वीं बोर्ड की परीक्षा पूरी तरह से रद्द कर दी है। जल्द ही राज्य शिक्षा बोर्ड आंतरिक मूल्यांकन से संबंधित गाइडलाइन जारी कर देगा।
अब रुकने का वक्त नहीं?
वैसे कुछ सरकारें इंतजार कर रही थीं कि कोरोना केस कम हों, ताकी 12वीं की परीक्षा करवाई जा सके, लेकिन अब इंतजार का वक्त खत्म हो गया है। विदेश की कई बड़े विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे में 12वीं के छात्रों को जल्द से जल्द रिजल्ट ना दिया गया, तो उनका भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। इसके अलावा रिजल्ट आने के बाद ही अब प्रतियोगी परीक्षाएं करवाई जा सकेंगी। जिस वजह से CBSE और स्टेट बोर्ड पूरा फोकस जल्द रिजल्ट जारी करने पर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications