CAA Protest: प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को घेरा, लगाए 'वापस जाओ' के नारे
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बीच तनातनी कम होने का नाम हीं ले रही है। अब जगदीप धनखड़ की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने चारों ओर से घेर लिया। इन प्रदर्शनकारियों के हाथों में काले रंग के झंडे और पोस्टर थे। इनपर लिखा है, 'भाजपा कार्यकर्ता मिस्टर जगदीप धांखड़ वापस जाओ।'

गाड़ी को घेर लिया
बता दें छात्रों ने धनखड़ की गाड़ी को उस वक्त घेर लिया जब वह जादवपुर विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह में पहुंचे थे।जाधव अपनी गाड़ी के अंदर ही फंसे रहे। वह प्रदर्शनकारियों के कारण गाड़ी से बाहर नहीं आ पा रहे थे। ये छात्र हाल ही में लागू हुए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
काला झंडा दिखाने की धमकी
इससे पहले ये जानकारी आई थी कि जादवपुर विश्वविद्यालय ने शनिवार को विशेष दीक्षांत समारोह का आयोजन नहीं करने का फैसला लिया है। जिसे कुलाधिपति और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ संबोधित करने वाले थे। यह फैसला छात्रों द्वारा उन्हें काला झंडा दिखाने की धमकी देने के बाद लिया गया था।

दीक्षांत समारोह का आयोजन
विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बसु ने कहा था, वार्षिक दीक्षांत समारोह, जिसमें कुलाधिपति की उपस्थिति अनिवार्य नहीं है, का आयोजन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। बता दें सभी विश्वविद्यालयों में विशेष दीक्षांत समारोह के दौरान प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को मानद डॉक्टरेट डिग्री प्रदान की जाती है और इसके बाद वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाता है।

ममता ने बताया था 'भाजपा का मुखपत्र'
वहीं धनखड़ को सीएम ममता बनर्जी ने भी 'भाजपा का मुखपत्र' (BJP mouthpiece) कह दिया था। ममता ने कहा था- 'वह विधानसभा के अंदर हमारे साथ बुरा व्यवहार कर रहे हैं। मैं उनके (धनखड़) जीवन और करियर में अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करती हूं।' ममता ने कहा था कि हर किसी को शिष्टाचार का पालन करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications