'No Farmers No Food': शादी के कार्ड से किसान आंदोलन को समर्थन, दूल्हे ने कही ये बात
Wedding Card on Support Farmers Protest: क्रेंद सरकार के नए कृषि कानूनों (agricultural laws) के खिलाफ पिछले दो महीने से भी अधिक समय से जारी किसान आंदोलन की चर्चा अब दुनियाभर में हो रही है। हाल ही में विदेशी पॉप सिंगर रिहाना (Pop singer rihanna) द्वारा किसानों का समर्थन किए जाने के बाद अब दुनियाभर की हस्तियां इस मुद्दे पर अपनी राय रख रही हैं। इस बीच भारत में भी लोग अपने-अपने स्तर पर किसानों को समर्थन दे रहे हैं। हाल ही में हरियाणा (Haryana) से एक दिलचस्प शादी का कार्ड सामने आया, जो सुर्खियों में छाया हुआ है।

हरियाणा से किसानों को मिल रहा खास अंदाज में समर्थन
गौरतलब है कि शादी के कार्ड (Wedding card) में लोग मेहमानों को निमंत्रित करने के लिए अलग-अलग स्लोगन छपवाते हैं, लेकिन हरियाणा में लोग किसान आंदोलन (kisan andolan) को अपना सपोर्ट देने के लिए शादी के कार्ड पर किसानों से जुड़े कंटेंट छपवा रहे हैं। ऐसा ही एक शादी का कार्ड इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। शादी के कार्ड पर 'No Farmer-No food' का संदेश लिखा हुआ है, साथ ही ट्रैक्टर और अनाज नुमा आकृति भी नजर आ रही है।

शादी के कार्ड पर दिखा किसान आंदोलन
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक वायरल हो रहा वेडिंग कार्ड हरियाणा के कैथल में निवासी प्रवीण की शादी का है जो जल्द ही दूल्हा बनने वाले हैं। कार्ड पर लिखे स्लोगन का जिक्र करते हुए प्रवीण ने कहा, 'हमारा जन्म किसान घर में हुआ है, और ये लिखवाना गौरव की बात है। किसानों के समर्थन के लिए हम दिल्ली नहीं जा सकते लेकिन इस तरह उनका मोरल सपोर्ट बढ़ा सकते हैं।'

कैथल में कई लोग छपवा रहे इस तरह के स्लोगन
प्रवीण कहते हैं कि इस तरह हम अपनी आवाज उन लोगों तक भी पहुंचा सकते हैं जिन्हें आंदोलन के विषय में नहीं पता। शादी के कार्ड पर 'No Farmer-No food' का संदेश लिखे जाने की पुष्टि खुद मुद्गल प्रिंटिंग प्रेस के मालिक दिनेश मुद्गल ने की है। हमारे संवाददाता से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि कैथल में लोग किसानों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए इस तरह के शादी का कार्ड छपवा रहे हैं।

आने वाली पीढ़ी को दिखाएंगे शादी का कार्ड
शादी के कार्ड को लेकर दूल्हे के पिता प्रेम सिंह ने कहा, 'सरकार का जोर मीडिया और इंटरनेट पर चल सकता है लेकिन शादी के कार्ड के जरिए हम किसानों के हकों की आवाज को बुलंद करेंगे। इस तरह हम अन्य लोगों को आंदोलन के प्रति जागरुक करेंगे। किसान आंदोलन ऐतिहासिक आंदोलन है और इससे संबंधित शादी के कार्ड में ऐतिहासिक होंगे। इन कार्डों को हम संजोकर रखेंगे और आने वाली नस्लों को दिखाएंगे, जिससे वह भी जान सकें कि हमारे समय में इस तरह के आंदोलन हुए थे।'
यह भी पढ़ें: किसान आंदोलन को लेकर राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने सरकार को घेरा, कहा- लोकतंत्र पर लाठीतंत्र ना चलाएं












Click it and Unblock the Notifications