Monsoon Updates: कब आएगा मानसून? चुभती गर्मी के बीच IMD ने दिया बड़ा अपडेट
Monsoon Updates: चुभती गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उसका कहना है कि इस साल मानसून सामान्य ही रहने वाला है औऱ वो अपनी नार्मल रफ्तार से ही आगे बढ़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मौजूदा स्थिति के मुताबिक साउथ वेस्ट मानसून की स्थिति ठीक लग रही है और इसी कारण उम्मीद की जा रही है कि ये अपने निर्धारित वक्त पर ही दस्तक देगा।

आईएमडी ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 मई तक दक्षिण अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश कर जाएगा, आम तौर पर वो इसी तारीख के आस-पास ही इस जोन में एंट्री करता है।
पोर्ट ब्लेयर में 22 मई के आसपास मानसून की शुरुआत होती है
मालूम हो कि पोर्ट ब्लेयर में 22 मई के आसपास मानसून की शुरुआत होती है लेकिन इस बार ये यहां पर तीन दिन पहले ही दस्तक दे रहा है इसलिए उम्मीद की जा रही है कि मानसून केरल भी पहले ही पहुंचेगा।
देश में अल नीनो सिस्टम कमजोर हो गया है
मौसम विभाग ने कहा है कि देश में अल नीनो सिस्टम कमजोर हो गया है और ला नीना स्थितियां एक्टिव हो रही है, इस कारण इस बार अच्छी मानसूनी बारिश की उम्मीद है। इस बार औसत से ज्यादा बारिश हो सकती है, जो कि शुभ संकेत हैं।
मानसून 1 जून को केरल पहुंच जाएगा-IMD
मानसून की चाल देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि मानसून 1 जून को केरल पहुंच जाएगा और 10 जून के आस-पास ये महाराष्ट्र भी पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने बताई राज्यों में मानसून के पहुंचने की डेट
जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 15 जून तक और गुजरात में ये 20 जून तक पहुंच सकता है तो वहीं हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में ये 25 जून तक तो वहीं 30 जून तक ये राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब पहुंच सकता है और 8 जुलाई तक ये पूरे देश को अपने आगोश में ले लेगा, फिलहाल मौसम विभाग ने अभी ये शुरूआती आंकड़ा पेश किया है, वो पूरी तरह से मानसून पर नजर बनाए हुए हैं।
आज इन राज्यों में होगी बारिश
फिलहाल आज साउथ जोन में बारिश के आसार हैं। आईएमडी ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश की उम्मीद जताई है तो वहीं बंगाल, ओडिशा, हिमाचल, उत्तराखंड औऱ कश्मीर में बारिश हो सकती है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं पूर्वोत्तर में भी बारिश का अनुमान है, जिसके लिए अलर्ट जारी है।












Click it and Unblock the Notifications