Weather Updates: अगले 24 घंटों में इन राज्यों में तेजी से गिरेगा पारा और यहां होगी भारी बारिश
नई दिल्ली, 01 दिसंबर। नार्थ से लेकर साउथ तक मौसम का उलटफेर जारी है। जहां दक्षिण इस वक्त पूर्वोत्तर मानसून की गिरफ्त में हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत में भी अब पारा तेजी से गिरने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आने वाले दो-तीन दिनों के अंदर दिल्ली सहित सभी राज्यों के मौसम में जबरदस्त उलटफेर होने वाला है। इस महीने में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने की संभावना है तो वहीं अगले दो दिनों के अंदर नार्थ में कई जगहों पर बारिश होगी और तापमान तेजी से गिरेगा हालांकि पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में तापमान सामान्य रहने की संभावना है।

अगले 24 घंटों में इन राज्यों में तेजी से गिरेगा पारा
आईएमडी ने कहा है कि पूर्व और पश्चिम यूपी, एमपी, पूर्वी राजस्थान और गुजरात के तापमान को सामान्य से ऊपर या नीचे बताना मुश्किल है, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है। तो वहीं अब कई शहरों में सुबह कोहरा छाने के भी आसार है। जबकि दक्षिण भारत में अभी मेघ बरसेंगे। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, आंतरिक पुडुचेरी और केरल में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान में कमी देखी जाएगी।

बारिश और बर्फबारी की आशंका
मुंबई में आज सुबह से ही बारिश हो रही है तो वहीं ओडिशा-आंध्र प्रदेश में पहले से ही साइक्लोनिक अलर्ट जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज और कल दिल्ली, हिमाचल और यूपी-बिहार में भी हल्की बारिश के आसार है, जबकि कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका बनी हुई है।

बारिश होगी और तापमान गिरेगा
जबकि निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जिसके चलते गुजरात , कोंकण,महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के महाराष्ट्र, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश होगी और तापमान गिरेगा।

चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना
क्योंकि दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना दिख रही है, जिसकी वजह से बारिश होने के आसार बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications