Weather Update: दिल्ली में ठंड को लेकर IMD का अपडेट, जाने आज कैसा रहेगा मौसम
Weather Update: देश की राजधानी में दिन का पारा अभी भी लोगों को गर्मी का एहसास करा रहा है। हालांकि सुबह और शाम में दिन की अपेक्षा पारा कम है, लेकिन अभी भी लोगों को सर्दियों के लिए इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार सर्दी की शुरुआत नवंबर माह के पहले हफ्ते से हो सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिम की ठंडी हवाएं पारा नीचे गिरा सकती है। शनिवार और रविवार को मौसम के मिजाज की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम पारा 18-19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

अच्छी बात यह है कि अक्षरधाम मंदिर के करीब हवा की गुणवत्ता में आज कुछ सुधार देखने को मिला है। यहां एक्यूआई 218 पहुंच गया है, जोकि खराब की श्रेणी में आता है। वहीं कर्तव्य पथ और इंडिया गेट के पास एक्यूआई 237 है। गौर करने वाली बात है कि पिछले दिनों दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था, कुछ जगहों पर एक्यूआई 330 को भी पार कर गया था।
पश्चिम बंगाल में दाना चक्रवात का असर
वहीं पश्चिम बंगाल में दाना चक्रवात के चलते शुक्रवार को कोलकाता में जमकर बारिश देखने को मिली। शुक्रवार की सुबह हुई बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई।
कोलकाता के भावानीपुर, न्यू मार्केट, हाजरा, धर्मतला, बेहाला में जलभराव के चलते यातायात प्रभावित रहा। थंथनिया कालीहबाड़ी, महात्मा गांधी रोड, वीआईपी रोड, दमदम, न्यू टाउन इलाकों में भी जलभराव देखने को मिला।
झारखंड में मौसम के हालात
झारखंड में मौसम के हालात की बात करें तो शुक्रवार को यहां भी कई इलाकों में दाना चक्रवात का असर देखने को मिला। कोल्हान, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम में हल्की से मध्य बारिश देखने को मिली। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश देखने को मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेश के हालात पर नजर बनाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications