Weather Updates: दिल्ली-NCR में घना कोहरा, उत्तराखंड में बारिश की आशंका, प्रशासन की बढ़ी परेशानी
Weather Updates: फरवरी को गुलाबी ठंडक का महीना कहा जाता है लेकिन इस बार फरवरी में भी सर्दी का प्रकोप जारी है। दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस वक्त घने कोहरे की चपेट में हैं। आज सुबह भी राजधानी में घना कोहरा छाया हुआ है , दृश्यता कम होने के कारण लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है, हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम में परिवर्तन होगा और स्थिति बेहतर होगी और आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

दिल्ली-NCR में घना कोहरा
केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि उसके सटे आस-पास के शहरों में भी कोहरे और शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है। मंगलवार को गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं।

उत्तराखंड में आज और कल बादल बरस सकते हैं
तो वहीं उत्तराखंड में आज और कल बादल बरस सकते हैं, जिसकी वजह से जोशीमठ में ग्लेशियर टूटने के बाद चल रहा रेस्क्यू ऑप्रेशन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के इस ऐलान ने प्रशासन को परेशानी में डाल दिया है तो वहीं जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी की आशंका बनी हुई है। बिहार, झारखंड, एमपी और छत्तीसगढ़ में भी आज बादलों के बरसने के आसार हैं।

28 जिलों में शीतलहर का प्रकोप
जबकि स्काईमेट के मुताबिक उत्तर भारत के कई इलाकों में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है तो वहीं अमृतसर, जालंधर, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, बरनाला से लेकर राजस्थान में चुरू, गंगानगर, भरतपुर, अलवर, झुंझुनू, हरियाणा में अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, लखनऊ, रायपुर, भोपाल, रीवा समेत उत्तर भारत के करीब 28 जिलों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी का दौर यूं ही जारी रहेगा
जबकि हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी का दौर यूं ही जारी रहेगा और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा इसलिए उसने लोगों को सर्दी के प्रति सचेत रहने को बोला है। तो वहीं साउथ के मौसम में भी तब्दीली हो सकती हैं। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications