Weather Update: दिल्ली में आज हल्की बारिश का अनुमान, AQI में सुधार, हवा का प्रदूषण घटा
दिल्ली में आज हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही बादल छाए रहेंगे। साथ ही पूर्व से दक्षिण पूर्व की दिशा में हवा चलेगी। हवा की रफ्तार 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। दिल्ली में अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो यह 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
देश की राजधानी नई दिल्ली के निवासियों को हवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है, जिसका श्रेय हवा के रुख में बदलाव को जाता है।

स्वच्छ हवा और ठंडे तापमान की ओर बदलाव दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात है। दिल्लीवासी अक्सर प्रदूषण और गर्मी से जूझते हैं, ऐसे में मौसम विभाग का यह अनुमान लोगों के लिए राहतभरा हो सकता है।
बता दें कि गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने से दिल्ली का पारा कम हुआ। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी की बात करें तो यह 61 से 92 फीसदी के बीच रही।
दिल्ली में गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक श्रेणी में रहा। दिल्ली में AQI 97 था, जबकि फरीदाबाद में 75, नोएडा में 84, ग्रेटर नोएडा में 89, गुरुग्राम में 91, गाजियाबाद में 82 दर्ज किया गया। आज भी एक्यूआई संतोषजनक रहने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को महाराष्ट्र और गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने लोगों से आग्रह किया है कि वह इन क्षेत्रों में भारी वर्षा के लिए तैयार रहें।
आईएमडी मुंबई के डायरेक्टर सुनील कांबले ने कहा कि महाराष्ट्र में 5 अक्टूबर को मानसून खत्म हो सकता है। अगले 5-6 दिनों में मानसून कम होने लगेगा और 5 अक्तूबर तक मानसून खत्म होने की उम्मीद है।
बता दें कि गुरुवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिली, जिससे धर्म गंगा का जलस्तर बढ़ गया। वहीं पश्चिम बंगाल में मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जलपाईगुड़ी, कूच बिहार, दार्जिलिंग सहित कई क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications