Weather Update: दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम, पढ़िए IMD का अपडेट
Weather Update: देश की राजधानी में मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में जहां तेज धूप के चलते लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है तो सुबह और शाम को मौसम पूरी तरह से बदल जा रहा है और पारा काफी नीचे गिर जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। दिल्ली में अधिकतम पारा 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम पारा 22 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 15 अक्तूबर के बाद गुलाबी सर्दी की शुरुआत हो सकती है। लेकिन दिन में अभी भी लोगों को धूप की वजह से गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम पारा 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि औसत से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

उत्तराखंड क्षेत्र में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में ही शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, गुरुवार 10 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम के आसपास की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी हुई।
सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने जल्द ही पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश के संकेत दिए हैं, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला है, जिसके चलते हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार जयपुर, दौसा, अजमेर और कई अन्य शहरों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा, टोंक जिले में ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है, जो विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग मौसम पैटर्न को दर्शाता है।
मुंबई के लिए, भारी बारिश के कारण शहर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मुंबई के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications