Weather:क्रिसमस की छुट्टियों में इन सभी राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना-IMD
नई दिल्ली, 21 दिसंबर: वैसे तो कई राज्य इसबार आने वाली छुट्टियों में कोरोनो के ओमिक्रॉन वेरिएंट के बचाव के लिए अभी से सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लेकिन, इन छुट्टियों के दौरान कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। वैसे तो क्रिसमस की छुट्टियों में बर्फबारी का अपना ही आनंद है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर यह जानकारी होना जरूरी है कि आने वाले कम से कम 29 दिसंबर तक कहां बर्फ गिरने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने लगाया है और कहां बारिश हो सकती है या फिर ओले भी गिर सकते हैं। इसलिए छुट्टियों में परिवार के साथ या दोस्तों को लेकर निकलने से पहले एकबार यह खबर पढ़ लेना आपके लिए भी जरूरी है।

22 और 23 दिसंबर को इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को जो मौसम संबंधी रोजाना वाली भविष्यवाणी की है, उसके मुताबिक कुछ राज्यों में अगले पांच दिनों तक हल्की से लेकर मध्यम बारिशों होने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी आसार जताए हैं कि उत्तर भारत में अभी जो शीत लहर की स्थिति बनी हुई है, वह गुरुवार (23 दिसंबर से ) धीरे-धीरे कम हो सकती है। इसके साथ ही क्रिसमस की छुट्टियां शुरू होने से पहले के पूर्वानुमानों में जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज्फ्फराबाद के अलावा हिमाचल प्रदेश में बुधवार और गुरुवार (22 और 23 दिसंबर) को छिटपुट बारिश के साथ-साथ बर्फ करने की बहुत ही ज्यादा संभावना है। अगर छुट्टियों में कहीं दूर निकलने का इरादा है तो मौसम विभाग के इन पूर्वानुमानों पर गौर करना जरूरी हो जाता है।

29 दिसंबर तक इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान
अब क्रिसमस की छुट्टियों के इंतजार में बैठे लोगों के लिए बड़ी खबर। मौसम विभाग ने बताया है कि हिमालय के पश्चिमी इलाके में 24 से लेकर 29 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फ गिरने की बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं। आईएमडी ने इसे थोड़ा विस्तार से बताते हुए कहा है कि 27 दिसंबर को कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट लेकिन भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे सटे उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में 26 से लेकर 29 दिसंबर के बीच छिटपुट बारिश देखी जा सकती है।

पूर्वोत्तर में अगले पांच दिनों तक बारिश का अनुमान
वहीं उत्तर पूर्वी राज्यों जैसे कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की काफी संभावना है। यही नहीं मौसम विभाग ने 22 और 23 दिसंबर के लिए अलग-अलग जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की भी आशंका जताई है। 22 दिसंबर यानी बुधवार को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर ने कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। वहीं अरुणाचल प्रदेश में यह स्थिति 23 दिसंबर तक जारी रह सकती है।

23 दिसंबर से यहां सर्दी कम होने के आसार
जहां तक शीत लहर के प्रकोप की बात है तो संभावना है कि उत्तर और मध्य भारत से इसमें 23 दिसंबर से कमी देखी जा सकती है। उसके बाद अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक उसके बाद इसमें बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं लगती। जहां तक देश के अधिकतर पूर्वी हिस्से की बात है तो अगले दो दिनों में मौसम की स्थिति यथावत ही रह सकती है, लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा देखने को मिल सकता है।

इन राज्यों में दो दिन और रहेगा शीत लहर का प्रकोप
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के बारे में जो भविष्यवाणी की है, उसके अनुसार पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, सौराष्ट्र, कच्छ, तेलंगाना, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों में शीत लहर का प्रकोप जारी रह सकता है। जबकि, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में यह स्थिति अगलो दो दिनों तक बरकरार रह सकती है।












Click it and Unblock the Notifications