Weather Forecast: अगले कुछ घंटों में यूपी, हरियाणा सहित इन राज्यों में आंधी तूफान के साथ बारिश की आशंका
नई दिल्ली। देश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी है कि देश के कुछ हिस्सों में आंधी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कई स्थानों में आंधी तूफान के साथ बिजली कड़कने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश और उससे जुड़े स्थानों में आंधी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इन स्थानों में खतौली, शामली, मुज्जफरनगर, मेरठ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, रूढ़की, नरवाना, हस्तिनापुर, बिजनौर, आदमपुर, नाजिबाबाद और चांदपुर शामिल हैं।

उत्तराखंड में भी बारिश के आसार
इसके साथ ही मौसम विभाग ने सैटेलाइट तस्वीर भी शेयर की है। जिससे पता चल रहा है कि उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और उत्तरपूर्वी राज्यों में आंधी तूफान/बिजली कड़कने के साथ ही बारिश भी हो सकती है।मौसम विभाग ने कहा है कि 18-19 जुलाई से मानसून के सक्रिय होने के साथ अगले 3-4 दिनों में कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है।
Recommended Video

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में जुलाई महीने में बारिश नहीं हो रही है। बीते 15 दिनों में 6 साल की सबसे कम बारिश देखने को मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने 18 जुलाई से 23 जुलाई तक रोजाना बारिश होने की बात कही है। जिसमें अधिक तेजी 22 जुलाई तक आ जाएगी। इसके अलावा 18 जुलाई से लेकर 19 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

हिमाचल प्रदेश में अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के अधिकतर स्थानों में बारिश का दौर जारी है। यहां अधिक बारिश की आशंका के बीच येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि 18 और 19 जुलाई को हिमाचल के मध्य भागों में भारी बारिश होने की आशंका है, जबकि 19 जुलाई को हिमाचल के मैदानी भागों में भी भारी बारिश हो सकती है, इसलिए 18 से 21 जुलाई के लिए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं कहीं-कहीं भूस्खलन की भी आशंका है। वहीं असम की बात करें तो यहां लाखों लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हैं। यहां मानसून की सक्रियता परेशानी को और बढ़ा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications