Weather Forecast: दिल्ली में छायी काली घटा लेकिन श्रीनगर में शीतलहर का डेरा
श्रीनगर| जम्मू एवं कश्मीर में तापमान में गिरावट और शीतलहर का दौर जारी है। रविवार को भी घाटी और लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान हिमांक से कई डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
आईये जानते हैं उत्तर भारत के और राज्यों के मौसम का हाल...

नई दिल्ली
दिल्ली में रविवार सुबह बादल घिरा रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान साफ रहने के आसार जताए हैं। उत्तर रेलवे अधिकारी ने बताया कि शहर की तरफ आ रही 23 रेलगाड़ियां पर्याप्त दृश्यता न होने के कारण अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं और दो का समय बदला गया है, जबकि 15 को रद्द कर दिया गया है।

मनाली
हिमाचल प्रदेश में मनाली शहर और केलांग को जोड़ने वाला रोहतांग दर्रा भारी हिमपात के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। यह जानकारी सरकारी अधिकारी ने रविवार को दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से रोहतांग र्दे में पांच फुट से भी ज्यादा हिमपात हो रहा है। दर्रे के दोनों ओर लगे राहत चौकियों को हटा दिया गया है और यह गर्मी तक वाहन चालकों के लिए बंद कर दिया गया है।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में रविवार सुबह बादलों का डेरा रहा। कोहरे का असर अपेक्षाकृत कुछ कम दिखा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने और कोहरा बढ़ने की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश
उत्तराखंड के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से पूरे उत्तर प्रदेश में ठंड और बारिश का दौर रविवार को भी जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहने के आसार जताए हैं।

बिहार
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के अधिकांश इलाकों में शनिवारों को भी रिमझिम बारिश का क्रम बना रहेगा। लगातार हो रही बारिश की वजह से आलू की फसलों में बीमारी लगने की आशंका बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों ने आलू उत्पादक किसानों को सलाह दी है कि जिन किसानों ने आलू की फसल पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव न किया हो वह बारिश रुकने के बाद तुरंत करें।












Click it and Unblock the Notifications