Weather Warning: केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने आफत पैदा कर दी है। आईएमडी ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि केरल में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश की आशंका है इसलिए यहां अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 'राज्य के कुछ जिलों में तो 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है इसलिए यहां के कुछ जिलों में Orange और कुछ में Yellow Alert जारी किया गया है।'

कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में Orange Alert
बारिश के दौरान यहां तेज हवा और समुद्र में तूफान की आशंका है इसी वजह से मछुआरों को अगले 4 दिनों तक केरल और लक्षद्वीप तटों पर जाने से रोका गया है। केरल में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में Orange Alert जारी है।

चक्रवाती परिसंचरण
IMD के मुताबिक अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है जिसकी वजह से अगले 4 दिनों तक केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अंडमान-निकोबार,तमिलनाडु, पुडुचेरी,कराईकल,केरल,माहे और कराईकल में भारी बारिश के साथ-साथ बिजली चमकने की भी आशंका व्यक्त की है।

केरल समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश की आशंका
तो वहीं मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट ने भी केरल समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। उसने कहा है कि पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। जो कि दक्षिण तट की ओर बढ़ता जा रहा है इस वजह से केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार है।

भारी बारिश का अलर्ट जारी
जबकि अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान-निकोबार,पश्चिम बंगाल,ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल,झारखंड, छत्तीसगढ़, सिक्किम पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, तेलंगाना में जमकर बादल बरसने की आशंका नजर आ रही है इसलिए यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में हैवी बारिश
जहां तक केरल की बात है तो आपको बता दें कि स्काईमेट ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में राज्य में हैवी बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को कोझीकोड में 61 मिमी, कन्नूर में 85 मिमी, करीपुर में 33 मिमी, वालपराई में 25 मिमी, अलाप्पुझा में 6 मिमी और पुनालुर में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। आने वाले तीन दिनों में केरल में इसी तरह से भारी बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications