तेजस्वी बोले- राष्ट्रीय आपदा घोषित हो बिहार की बाढ़, 10 हजार करोड़ का मांगा पैकेज
रांची। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और जल्द से जल्द 10 हजार करोड़ रुपए का पैकेज देनें का आग्रह किया है। तेजस्वी शनिवार को अपने पिता लालू प्रसाद से मिलने रांची के रिम्स पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए लालू जी को जमानत देने पर न्यायालय को धन्यवाद दिया।

रिम्स में भर्ती पिता लालू प्रसाद यादव से शनिवार को मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। बिहार में भी झारखंड की तरह डबल इंजन की सरकार है। लेकिन इस डबल इंजन की सरकार ने बिहार को न विशेष राज्य का दर्जा दिया और न ही विशेष पैकेज। उन्होंने बिहार में आई बाढ़ को केंद्र की मोदी सरकार से राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की।
उन्होंने इसके लिए दस हजार करोड़ रुपये का पैकेज तत्काल देने की भी मांग की। ताकि बिहार में बाढ़ और सुखाड़ से लोगों को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता को बिहार में बाढ़ से आई तबाही के बारे में बताया। साथ ही सुखाड़ के बारे में भी बताया। कहा कि एक तरफ आधा बिहार बाढ़ में डूबा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ आधा बिहार सुखाड़ से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सुखाड़ और बाढ़ का जायजा लेने के लिए बिहार आना चाहए। बिहार की दुर्दशा देखनी चाहिए, बाढ़ पीड़ितों की तकलीफ को देखना चाहिए। वे हवाई दौरा कर बाढ़ की स्थिति का अंदाजा लगाएं। मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर तेजस्वी यादव ने कहा कि लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए सरकार कुछ नहीं कर पाई। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल है। सरकार सिर्फ बंटवारे की राजनीति कर रही है जो राज्य के लिए खतरनाक है।












Click it and Unblock the Notifications