शत्रुघ्न सिन्हा ने किया वार, गुजरात में बीजेपी ने अपनाया बिहार का 'फेल फार्मूला'
भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के विधायक नितिन नवीन ने कहा कि 'बिहारी बाबू' फ्रस्टेशन के शिकार हो गए हैं।
नई दिल्ली। बीजेपी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एकबार फिर से अपनी ही पार्टी को निशाने पर लिया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी की मायूसी साफ दिख रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनावी प्रचार निराशाजनक दिख रहा है। बीजेपी ने गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए 20 केंद्रीय मंत्रियों और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत 6 मुख्यमंत्रियों को उतारा है। ट्विटर पर शत्रुघ्न ने लिखा, अपने ही गढ़ गुजरात में एक ही समय पर इतने सारे नेताओं को उतारना, जैसा हमने दिल्ली में किया था, क्या यह डर और मायूसी को नहीं दिखाता? आम तौर पर इस तरह की रणनीति काम नहीं करती। बिहार और दिल्ली में हम देख चुके हैं।

खबरों के मुताबिक बीजेपी नेतृत्व गुजरात चुनाव के बाद सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। बीजेपी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष गणेशी लाल ने कहा है कि सीनियर लीडर्स गुजरात चुनाव में व्यस्त हैं। ये मुद्दा चुनाव के बाद उठाया जाएगा। सूत्रों की माने तो बीजेपी पहले बिहार में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद की ओर से आधिकारिक शिकायत का इंतजार कर रही है। उसके बाद ही कोई एक्शन लिया जाएगा।
वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के विधायक नितिन नवीन ने कहा कि 'बिहारी बाबू' फ्रस्टेशन के शिकार हो गए हैं। हार और हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं पर बोलने के पहले वो खुद अपने गिरेबां में झांकें। अगर हिम्मत है तो इस्तीफा देकर खुद चुनाव लड़कर दिखाएं। जिनके नाम पर सांसद बने उनके हीं खिलाफ बोलते हैं। बीजेपी विधायक ने चेतावनी भी दे डाली कि जरूरत पड़ी तो पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई भी करेगी।
शत्रुघ्न सिन्हा ने साधा था पीएम मोदी पर निशाना सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने थोड़े दिनों पहले पीएम मोदी, वित्तमंत्री अरुण जेटली और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की आलोचना की थी। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था ने कहा कि अगर एक वकील वित्तिय मामलों पर बोल सकता है, टीवी एक्ट्रेस एचआरडी मंत्री बन सकती है और एक चायवाला बड़ी उपलब्धियों को हासिल कर सकता है तो हम नोटबंदी और जीएसटी पर क्यों नहीं बोल सकते? लिटरेरी फेस्टिवल के पहले दिन शत्रुघ्न ने कहा था कि नोटबंदी से बहुत दिक्कतें हुईं, कारखाने बंद हुए, उत्पादन कम हुए, युवाओं का रोजगार चला गया। बहुत सारे लोग बेरोजगार हो गए, त्राहिमाम की स्थिति हो गई। ऐसा मुझे ही नहीं, बहुत सारे लोगों को लगा और मैं इसे छुपाकर नहीं कह सकता।












Click it and Unblock the Notifications