जयशंकर ने पाकिस्तान की लगाई क्लास, कहा- हम IT के एक्सपर्ट औऱ हमारा पड़ोसी आतंकवाद का
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा है। जयशंकर ने पड़ोसी देश को "अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का विशेषज्ञ" बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, जैसे हम सूचना प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञ हैं, वे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादियों के एक्सपर्ट हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आतंकवाद का इस्तेमाल हमारे खिलाफ किया जा रहा है, तो कल यह आपके खिलाफ होगा।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि, हमारा एक पड़ोसी है। जैसे हम आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) के विशेषज्ञ हैं तो वह इंटरनेशनल टेररिज्म के एक्सपर्ट है। वर्षों से यह चल रहा है कि हम इनका सामना कैसे करें। इस मसले पर हमें यह कामयाबी मिली है कि हम दुनिया को समझा पाए हैं कि आतंकवाद को यह नहीं समझें कि यह राजनीति या कूटनीति है। आतंकवाद तो केवल आतंकवाद ही है। आज इसका इस्तेमाल हमारे खिलाफ किया जा रहा है, तो कल यह आपके खिलाफ भी होगा।
विदेश मंत्री ने कहा कि, दुनिया अब समझ चुकी है कि वाकई यह गंभीर समस्या है। आपने देखा होगा कि पहले जो धारणा थी कि आतंकवाद का इस्तेमाल कहीं और हो रहा है तो हमें इसका क्या परवाह है। आज दुनिया का नजरिया बदला है। भारत इस मसले पर दुनिया को साथ लाने में कामयाब हुआ है। आज आतंकवाद का टूल्स के तौर पर इस्तेमाल करने वाले मुल्कों पर दबाव बढ़ा है।
विदेश मंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री ने युद्ध के बीच में राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की दोनों को फोन किया। फोन कर उन्होंने थोड़ी देर के लिए गोलीबारी रूकवाया ताकि हमारे लोग बाहर निकल सकें। उन्होंने आगे कहा कि, वैक्सीन का जो कच्चा माल होता है वो हर देश अपने लिए रोक रहा था। हमारे लिए समस्या थी की दुनिया की सप्लाई चैन अगर हमारे लिए काम नहीं करेगी तो हम वैक्सीन कैसे बनाएंगे।
जयशंकर ने कहा कि, ऐसे में PM ने अमेरिकी राष्ट्रपति को समझाया कि आप दुनिया के वैक्सीन सप्लाई चैन को मत रोकिए। प्रधानमंत्री के कहने पर अमेरिकी प्रशासन ने भारत को रक्षा उत्पादन अधिनियम में छूट दी और उसके कारण हमारा वैक्सीन कार्यक्रम सुचारू रूप से चला। डेल्टा वेरिएंट का सबसे ज्यादा प्रभाव हमारे देश में हुआ। उस समय पूरी दुनिया से दवाइयां, वेंटिलेटर आदि चीजें आई। उस समय ऑक्सीजन की भी बहुत कमी थी तो हमने बाहर से ऑक्सीजन मंगाया था। उस समय PM की दूर दृष्टि थी कि उन्होंने कहा कि वैक्सीन के समय हम दुनिया की मदद करें।












Click it and Unblock the Notifications