Video: "आप आए बहार आई", कैसे राहुल गांधी से लिपटकर बोले शिवसेना नेता संजय राउत, देखिए
नई दिल्ली, 14 दिसंबर: देश की राजनीति अजीब करवट ले रही है। कांग्रेस के पुराने करीबी उसका साथ छोड़ते जा रहे हैं, लेकिन कभी उसकी कट्टर विरोधी रही शिवसेना इतने पास आ चुकी है, जिसकी शायद दो साल पहले तक कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। इसमें सबसे ज्यादा कलाबाजी शिवसेना नेता संजय राउत ने खाई है, जो अभी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सबसे बड़े समर्थक बने हुए हैं। पिछले कुछ दिनों में ही वह कई दफे, राहुल से मुलाकात कर चुके हैं। हैरानी की बात है कि महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार बनवाने के लिए जो शरद पवार कांग्रेस को उसके करीब लाए थे, वह भी फिलहाल कभी ममता बनर्जी और कभी अपनी अलग खिचड़ी पकाने में लगे हुए हैं। लेकिन, राउत राहुल गांधी के जबर्दस्त मुरीद बन चुके हैं। आज दिल्ली की ठंड में एक जबर्दस्त सियासी गर्मी तब महसूस हुई, जब संजय राउत ना सिर्फ राहुल से लिपट पड़े, बल्कि उनको देखते ही बोल पड़े कि "आप आए तो बहार आई"

राहुल से बोले राउत- आप आए बहार आई
संसद भवन परिसर में गांधी मूर्ति के पास राज्यसभा से निलंबित सांसदों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी पहुंचे। लेकिन, इस मौके पर शिवसेना सांसद संजय राउत का हाव-भाव और प्रतिक्रिया बड़ा ही चौंकाने वाला था। वो लपकर ना सिर्फ राहुल से लिपट गए, बल्कि उन्हें देखकर ऐसी प्रतिक्रिया दिखाई कि उन्हें वह मिल गया है, जिसका वह इंतजार कर रहे थे। उन्होंने राहुल गांधी को अपने बीच पाकर कहा, "आप आए बहार आई"। बता दें कि मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में सदन की मर्यादा के विरुद्ध आचरण करने के आरोपों में विपक्ष के 12 सांसदों को पूरे शीतकालीन सत्र के लिए सदन से निलंबित किया गया है और इसलिए वे सांसद इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और बाकी विपक्षी सांसद भी उनका समर्थन कर रहे हैं।

राहुल गांधी के बड़े मुरीद बने गए हैं संजय राउत
इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कई बैठकें कर चुके हैं और राहुल के नेतृत्व में अपनी पूरी आस्था जता चुके हैं। राउत ने गांधी परिवार से मुलाकात के बाद कहा था कि बीजेपी-विरोधी मोर्चा बिना कांग्रेस के संभव नहीं है। शिवसेना कांग्रेस के इतने करीब खुद को तबसे दिखाने में जुटी है, जबसे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार की मौजूदगी में ना सिर्फ राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठा चुकी हैं, बल्कि यहां तक कह दिया है कि अब कांग्रेस की अगुवाई वाले यूपीए का कोई वजूद नहीं है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे की सरकार को एनसीपी और कांग्रेस दोनों का समर्थन हासिल है।
एक पत्रकार ने शेयर किया है ये वीडियो
संजय राउत के राहुल गांधी की शान में कसीदे पढ़ने वाला यह वीडियो एक पत्रकार पॉलोमी साहा ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा है, ' जब निलंबित राज्यसभा सांसदों के बीच राहुल गांधी बाद में पहुंचे तो संजय राउत ने उनसे कहा "आप आए, बहार आयी!"
इसे भी पढ़ें-

शिवसेना की बदलेगी विचारधारा ?
इससे पहले संजय राउत यहां तक कह चुके हैं कि 'यह भ्रांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष एकजुट होने को तैयार नहीं है।' राउत इंडियन एक्सप्रेस से कह चुके हैं कि 'अगर राहुल गांधी आगे बढ़ते हैं, तो मुझे उम्मीद है कि सभी पार्टियां उन्हें समर्थन देंगी। लेकिन, कांग्रेस में कुछ ऐसे नेता हैं, जो पार्टी का भला नहीं चाहते। आंतरिक विरोध कांग्रेस का बीजेपी से बड़ा दुश्मन है।' अब सवाल है कि शिवसेना की सिर्फ राजनीति में बदलाव आ रहा है या वह इसी तरह से अपनी विचारधारा भी बदलने के लिए तैयार होगी ?












Click it and Unblock the Notifications