Fire Incident: वर्धा, सूरत और लुधियाना में आग का तांडव, 16 झुलसे, 2 महिलाओं की मौत
Wardha Ludhiana Surat Fire Incident: तीन अलग-अलग शहरों में बुधवार (6 नवंबर) शाम को आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। तीनों घटनाओं में 16 लोग झुलस गए, जबकि 2 महिलाओं की मौत हो गई। महाराष्ट्र के वर्धा में स्टील कंपनी में आग लग गई, जिसमें 16 मजदूरों के झुलसने की खबर है। पंजाब के लुधियाना में एक कपड़ों की दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। वहीं गुजरात के सूरत में स्पा सेंटर में आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई।

Recommended Video
वर्धा में स्टील कंपनी में भीषण आग
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में स्टील कंपनी में भीषण आग लग गई, जिसमें 16 मजदूरों के झुलसकर घायल होने की सूचना है। वर्धा कलेक्टर राहुल कर्डिले ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के भूगांव स्टील कंपनी में आग लगने से 16 कर्मचारी घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें से एक की हालत गंभीर है। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना कैसे हुई, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
लुधियाना के कपड़ों की दुकान में लगी आग
वहीं पंजाब के लुधियाना में भी आग का तांडव देखने को मिला। शहर के नूरवाला रोड के पास बसंत स्ट्रीट में बुधवार शाम करीब 7 बजे एक दो मंजिला इमारत में आग लग गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग दूसरी मंजिल पर एक कपड़ों की दुकान के पास लगी। एक अधिकारी के अनुसार आग में एक कार भी जलकर खाक हो गई।
सहायक संभागीय अग्निशमन अधिकारी मनिंदर सिंह ने कहा, "आग पर लगभग 90 प्रतिशत काबू पा लिया गया है, लेकिन स्टॉक और अग्नि सुरक्षा उपायों को लेकर कुछ तनाव था। अंतिम रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि 400-500 इकाइयां प्रभावित हुई हैं।"
सूरत में स्पा में लगी आग, दो महिलाओं की मौत
आग की एक और दर्दनाक घटना गुजरात से सूरत से सामने आई, जहां सिटी लाइट इलाके के जिम और स्पा सेंटर में आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ, जब जिम में बने स्पा में 5 मौजूद थे, जिसमें से तीन सुरक्षित निकल गए, लेकिन दो महिलाएं नहीं निकल पाई और उनकी झुलसकर मौत हो गई है। फिलहाल आग लगने का कारण का पता नहीं चल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications