वक्फ बिल पर बवाल: 'इसका मकसद मुसलमानों को जलील करना', ओवैसी ने संसद में फाड़ी बिल की कॉपी
Asasuddin Owaisi On Waqf Amendment Bill: लोकसभा में बुधवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस विधेयक को संविधान के अनुच्छेद 14, 25 और 26 का उल्लंघन बताते हुए तीखा विरोध किया और बहस के दौरान बिल की कॉपी फाड़ दी। ओवैसी ने इसे मुसलमानों को "जलील करने की साजिश" करार दिया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर चर्चा (बहस) में हिस्सा लेते हुए ओवैसी ने आरोप लागाते हुए कहा कि इस बिल का मकसद मुसलमानों को जलील करना है।

ओवैसी का विरोध और फाड़ा वक्फ बिल
लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान ओवैसी ने कहा कि इस विधेयक का मकसद मुसलमानों को उनके धार्मिक और प्रशासनिक अधिकारों से वंचित करना है। यह मुसलमानों की धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को खत्म करने की साजिश है। मैं गांधी की तरह इस बिल को फाड़ता हूं, क्योंकि यह असंवैधानिक है।
ओवैसी ने कहा, 'अगर आप इतिहास पढ़ेंगे तो महात्मा गांधी के सामने अफ्रीका में जब एक ऐसा कानून लाया गया तो उन्होंने कहा कि मैं इसे नहीं मानता। उन्होंने उस कानून को फाड़ दिया तो मैं गांधी की तरह इस कानून को फाड़ता हूं। ये असंवैधानिक है।'
ओवैसी ने कहा, "यह विधेयक मुसलमानों पर हमला है। मोदी सरकार ने मेरी आजादी पर जंग छेड़ दी है। मेरी मस्जिदें, मेरी दरगाहें, मेरे मदरसे निशाने पर हैं। यह सरकार सच नहीं बता रही है। यह विधेयक अनुच्छेद 14- समान संरक्षण का उल्लंघन करता है। सीमाएं लगाई जाएंगी। ऐसा करने से अतिक्रमणकारी मालिक बन जाएगा और गैर-मुस्लिम वक्फ बोर्ड का प्रशासन करेगा। यह विधेयक कानून के लिए समानता का भी उल्लंघन करता है।"
ओवैसी ने वक्फ संशोधन विधेयक को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा मंदिर और मस्जिद के नाम पर विवाद पैदा करना चाहती है।
सरकार का पक्ष और अमित शाह का बयान
गृह मंत्री अमित शाह ने वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधार के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा, "इस बिल में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जिससे मुस्लिम समुदाय को उनके धार्मिक अधिकारों से वंचित किया जाए। विपक्ष केवल राजनीतिक फायदे के लिए इसे सांप्रदायिक रंग दे रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications